INDvsWI: वेस्टइंडीज को धो कर भारत ने अपने नाम किया ये ख़ास मुकाबला

Summary :

अहमदाबाद में वनडे सीरीज का आगाज टीम इंडिया ने शानदार जीत के साथ किया है पहला मैच रोहित की कप्तानी में भारत ने 6 विकेट से अपने नाम किया।

अहमदाबाद में वनडे सीरीज का आगाज टीम इंडिया ने शानदार जीत के साथ किया है पहला मैच रोहित की कप्तानी में भारत ने 6 विकेट से अपने नाम किया। ये मैच भारतीय क्रिकेट टीम के लिए बेहद ख़ास था क्योंकि ये उनका 1000वां वनडे इंटरनेशनल मैच था और इतने मैच खेलने वाली वो दुनिया की पहली टीम है। इसके अलावा इस मैच में रोहित शर्मा टीम इंडिया के सीमित ओवरों के नियमित कप्तान के रूप में पहली बार वनडे इंटरनेशनल मैच खेलने उतरे थे।


मैच की बात करें तो टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जोकि एकदम सही साबित हुआ। वेस्टइंडीज की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 176 रन पर ढेर हो गई। टीम इंडिया के गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज को 43.5 ओवर में 180 रन से पहले समेट दिया। भारत के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट युजवेंद्र चहल ने चटकाए, जबकि 3 विकेट वॉशिंग्टन सुंदर को मिले। इनके अलावा 2 विकेट प्रसिद्ध कृष्णा और एक मोहम्मद सिराज को मिला। 

इसके बाद छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को कप्तान रोहित शर्मा और इशान किशन ने अच्छी शुरुआत दी। रोहित शर्मा ने खासतौर पर खुलकर बल्लेबाजी की और इशान उन्हें स्ट्राइक देते नजर आए। रोहित शर्मा ने खराब गेंदों को बाउंड्री पार भेजा और भारत ने सिर्फ 8.1 ओवर में ही 50 रन पूरे कर लिए। रोहित शर्मा ने शानदार 60 रन बनाए तो ईशान किशन ने 28। और इसके बाद डेब्यू मैच खेल रहे दीपक हूडा और सूर्यकुमार यादव ने मिलकर टीम इंडिया को आसान जीत दिलाई। यादव ने नाबाद 34 रन बनाए तो तो वहीं हूडा के बल्ले से भी नाबाद 26 रन निकले।


Desk Team