आज क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का जन्मदिन है। सचिन आज के ही दिन यानी 24 अप्रैल 1973 में जन्मे थे। मुंबई में जन्मे इस खिलाड़ी का कद भले ही छोटा रहा हो लेकिन इसने अपने करियर में इतने बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं कि उनकी बराबरी करना कई खिलाड़ियों के लिए सपने जैसा है।
सचिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक, सबसे ज्यादा टेस्ट रन और सबसे ज्यादा 50 से ज्यादा का स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। इस महान बल्लेबाज़ को दुनिया भर के दिग्गज खिलाडियों समेत तमाम फैंस ने जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
महज़ 16 साल की उम्र में 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सचिन ने 24 साल तक मैदान पर अपना जलवा बिखेरा। हालाँकि उन्होंने नवंबर 2013 में खेल के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था। सचिन फ़िलहाल IPL में मुंबई इंडियंस टीम के मेंटॉर हैं।