ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज मैथ्यू वेड ने लगता है इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का पूरा-पूरा मन बना लिया है। इस 33 वर्षीय चैम्पियन खिलाड़ी ने गुरुवार को बताया कि वह अगले साल उनके देश में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के बाद संन्यास ले सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि वह टी20 विश्व कप फाइनल में मांसपेशियों में खिंचाव के साथ खेले थे।

मालूम हो वेड ने हाल ही में संपन्न हुई टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पाकिस्तान पर आस्ट्रेलिया की पांच विकेट की जीत में अहम भूमिका निभाते हुए 17 गेंद में नाबाद 41 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा एशेज के लिए आस्ट्रेलियाई टीम में जगह बनाने की दौड़ में वेड को एलेक्स कैरी ने पछाड़ दिया और इस विकेटकीपर का लक्ष्य अब अगले साल स्वदेश में टी20 विश्व कप खिताब की रक्षा में मदद करना है।

‘क्रिकेट.कॉम.एयू’ ने वेड के हवाले से कहा, यह मेरी अगली प्रेरणा है- उम्मीद करता हूं कि उस विश्व कप में खेलने का मौका मिलेगा, खिताब का बचाव करेंगे और इसके बाद मैं संन्यास ले सकता हूं। निश्चित तौर पर उसके बाद मैं नहीं खेलूंगा (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट)। अब यही मेरा लक्ष्य है।

इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने खुलासा किया कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप फाइनल में मांसपेशियों में ग्रेड दो के खिंचाव के साथ खेले थे। उन्हें खिताबी मुकाबले से पहले ट्रेनिंग के दौरान यह समस्या हुई थी।

उन्होंने कहा, मैच से पहले की रात मैं थोड़ा चिंतित था। अगर मैं सुबह उठता और बल्लेबाजी नहीं कर पाता तो मैं नहीं खेलता। मैं चिंतित था कि अगर हमें पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी। मुझे आक्रामक होकर खेलना पड़ा और तब अगर चोट बढ़ गई तो मैं विकेटकीपिंग नहीं कर पाऊंगा और इससे टीम को काफी नुकसान होगा। कप्तान आरोन फिंच ने कहा कि थोड़ा डर था कि वेड फाइनल में नहीं खेल पाएगा।

वेड ने कहा, डॉक्टर ने उसका स्कैन कराया। वह नतीजा नहीं जानना चाहता था लेकिन मुझे पता था…ग्रेड दो की चोट के साथ खेलना मुश्किल होने वाला था। कप्तान की अगस्त में घुटने की सर्जरी हुई थी और उन्होंने खुलासा कि आईसीसी प्रतियोगिता की तैयारी करने के लिए उन्हें काफी कड़ी मेहनत करनी पड़ी।


Download Android App
Download iOS App



