इन दिनों भारतीय टीम के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की खबरें जमकर वायरल हो रही हैं। इसी बीच यह खबरें आ रही हैं कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भारत आते ही क्रिकेट खेल से संन्यास ले लेंगे वहीं दूसरी तरफ कई लोग कह रहे हैं कि ऑस्ट्रेलिया में अगले साल टी20 विश्व कप तक धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ जुड़े रहेंगे।

इन खबरों के बीच एक और खबर आई है कि विश्व कप 2019 के दौरान धोनी चोट के साथ खेले हैं। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है जिसमें उनके अंगूठे पर चोट दिखाई दे रही है। दरअसल इस तस्वीर में धोनी फैन के साथ खड़े हुए हैं और उनके दाएं हाथ के अंगूठे में बैंडेज लगी हुई है। तस्वीर को ध्यान से देखने पर पता चला है कि धोनी का अंगूठा चोटिल हुआ है और साथ ही नाखून खून जमने की वजह से काला हो गया है।

धोनी का अंगूठा काफी लंबे से समय से चोटिल है लेकिन अंगूठे की यह चोट पिछले कुछ महीनों से एक बार फिर से उभर गई है। विश्व कप के कई मैचों में धोनी कीपिंग के दौरान अपनी इस चोट की वजह से गेंद भी नहीं पकड़ पा रहे थे। ऐसा कहा जा रहा है कि अंगूठे की चोट की वजह से धोनी को परेशानी हो रही थी। धोनी के अंगूठे में चोट न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में भी लगी हुई थी।

उनके हाथ में लोकी फर्ग्यूसन की गेंद लगी थी जिसके बाद वह बहुत दर्द में ड्रेसिंग रूम की तरफ जा रहे थे। धोनी के अंगूठे पर सूजन भी आई हुई थी जिसकी वजह से मैच के बाद उन्होंने खिलाड़ियों से हैंड शेक भी बाएं हाथ से किया था। पिछले 3 महीने से एमएस धोनी लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं। विश्व कप से पहले वह आईपीएल खेल रहे थे और उस दौरान उनकी पीठ में दर्द था और सूजन भी थी। यही वजह थी कि वह आईपीएल के कुद मैचों में नहीं खेले थे।

धोनी ने विश्व कप के दौरान अपनी पीठ के दर्द को खेल के बीच नहीं आने दिया और अपने इस दर्द से लड़ते हुए भी दिखाई दिए। हालांकि उनकी अंगुली में चोट विश्व कप के दौरान ही लगी थी। लेकिन उसके बाद भी उन्होंने खेलना जारी रखा।
एेसे में उनके भविष्य के बारे में कुछ भी कहना मुश्किल है। अगर धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना जारी रखते हैं तो कुछ महीने उन्हें आराम दिया जा सकता है और भारतीय टीम से बाहर भी किया जा सकता है। खबरें आ रही हैं कि कम से कम एक साल तक धोनी और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते हुए नजर आ सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App




