बैंकाक : दीपिका कुमारी ने यहां 21वीं एशियाई तीरंदाजी चैम्पियनशिप से इतर आयोजित महाद्वीपीय क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट में महिला रिकर्व स्पर्धा में स्वर्ण और अंकिता भक्त ने रजत पदक जीतकर भारत के लिये ओलंपिक कोटा स्थान सुनिश्चित किया। इस महाद्वीपीय क्वालीफिकेशन से तीन व्यक्तिगत स्थान हासिल किये जा सकते थे और राष्ट्रीय महासंघ पर लगे निलंबन के कारण राष्ट्रीय ध्वज के बिना खेल रहे भारतीय तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। इनमें शीर्ष वरीय दीपिका और छठी वरीय अंकिता का प्रदर्शन लाजवाब रहा।
दीपिका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मलेशिया की नूर अफीसा अब्दुल को 7-2, ईरान की जहरा नेमाती को 6-4 और स्थानीय तीरंदाज नरीसारा खुनहिरानचाइयो को 6-2 से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर ओलंपिक कोटा हासिल किया। दीपिका ने कहा कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ करना चाहते थे। लेकिन हम शुरू में थोड़े नर्वस थे। तेज हवा भी चल रही थी। मैंने अपनी सांस पर ध्यान लगाये रखा और खुद से कहा, लगी रहो। मैं अब अच्छा महसूस कर रही हूं।
स्थानीय खिलाड़ी नारीसारा के खिलाफ अंतिम राउंड से पहले दीपिका ने अपने मंगेतर और टीम के साथी अतनु से 28 निशाना लगाने का वादा किया लेकिन दीपिका ने दो परफेक्ट 10 और एक नौ जुटाकर जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ करना चाहते थे। साथ ही मैंने (मिश्रित टीम जोड़ीदार और मंगेतर) अतनु को वादा किया था कि मैं 28 अंक जुटाऊंगी। दीपिका ने कहा कि अब हम अगले साल विश्व कप के बर्लिन चरण से टीम कोटा हासिल करने की उम्मीद कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



