ब्रायन लारा क्रिकेट एकेडमी स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में वेस्टइंडीज ने शानदार वापसी करते हुए पाकिस्तान को 90 रनों से हराया। एक समय ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान 211 रनों के आसान टारगेट को हासिल कर के मैच जीत लेगा, लेकिन वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। इस हार के बाद आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की प्वाइंट्स टेबल में पाकिस्तान की सिचुएशन और खराब हो गई है।
Pakistan Ruled Out Of WTC: 211 रन का टारगेट भी नहीं कर सका पार

211 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी। एक छोर पर बाबर आजम डटे रहे, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। अजान अवेस और इमाम-उल-हक सिर्फ 3-3 रन बनाकर आउट हो गए। सलमान अली आगा और आमिर जमाल बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जबकि मोहम्मद रिजवान 11 रन ही बना सके। वहीं पाकिस्तान का नौवां विकेट सिर्फ 71 रन पर गिर गया था।
इसके बाद मोहम्मद अब्बास ने बाबर आजम के साथ नौवें विकेट के लिए 49 रन जोड़कर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। बाबर आजम ने 9 चौकों की मदद से नाबाद 58 रन बनाए, लेकिन उनकी यह पारी टीम को हार से नहीं बचा सकी और पूरी पाकिस्तानी टीम 120 रन पर सिमट गई।
WTC फाइनल की उम्मीदों को बड़ा झटका

इस हार के साथ पाकिस्तान की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में यह चौथी हार रही। टीम ने अब तक 5 मुकाबले खेले हैं, जिनमें सिर्फ एक जीत मिली है। पाकिस्तान के खाते में 4 प्वाइंट्स हैं और उसका जीत प्रतिशत 6.67 है। इसी वजह से टीम प्वाइंट्स टेबल में नौवें और आखरी नंबर पर पहुंच गई है।
लगातार खराब प्रदर्शन के चलते पाकिस्तान की WTC फाइनल में पहुंचने की राह बेहद मुश्किल दिखाई दे रही है। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज ने इस जीत से अपनी सिचुएशन जरूर बेहतर की है, लेकिन फाइनल की दौड़ में उसकी संभावनाएं भी काफी कमजोर हैं। कैरेबियाई टीम ने अब तक 11 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें 2 में जीत, 7 में हार और 2 मुकाबले ड्रा रहे हैं। इन मुकाबलों के आधार पर वह प्वाइंट्स टेबल में आठवें नंबर पर है।
प्वाइंट्स टेबल में भारत की सिचुएशन

इंडियन टीम ने WTC 2025-27 साइकल में अब तक 9 टेस्ट मैच खेले हैं। इनमें भारत ने 4 मुकाबले जीते, 4 हारे, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट ड्रॉ रहा। इस प्रदर्शन के साथ टीम इंडिया फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर बनी हुई है।
कौन सी टीमें हैं टॉप पर?

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की मौजूदा प्वाइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया पहले नंबर पर काबिज है। टीम ने अब तक खेले 8 टेस्ट मैचों में 7 में जीत दर्ज की है और सिर्फ एक मुकाबला गंवाया है। वहीं डिफेंडिंग चैंपियन दक्षिण अफ्रीका दूसरे नंबर पर है, जिसने 4 में से 3 टेस्ट मैच अपने नाम किए हैं। तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड और चौथे नंबर पर बांग्लादेश मौजूद हैं, जबकि भारत पांचवें नंबर पर है। पाकिस्तान की हार के बाद प्वाइंट्स टेबल का निचला हिस्सा और भी दिलचस्प हो गया है, इसके अलावा आगे के मुकाबले सभी टीमों के लिए बेहद अहम रहने वाले हैं।


Download Android App
Download iOS App




