वेस्टइंडीज के कोच फिल सिमंस ने मंगलवार को कहा कि भारत के खिलाफ निर्णायक तीसरे टी20 मैच में उनके कप्तान कीरोन पोलार्ड का अनुभव काफी काम आयेगा जो वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल के काफी मैच खेल चुके हैं। मुंबई इंडियंस आईपीएल टीम का हिस्सा रहे पोलार्ड ने यहां काफी आईपीएल खेला है। सिमंस ने मैच से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पोलार्ड ने इस मैदान पर काफी क्रिकेट खेली है, दूसरों ने उतना नहीं खेला।
मुझे लगता है कि पोलार्ड का अनुभव काफी काम आयेगा जो करीब दस साल से यहां खेल रहा है। उन्होंने कहा कि उसे यहां के हालात की अच्छी जानकारी है जिससे गेंदबाजों को मदद मिलेगी । इस प्रारूप में टीम में कई युवा है जिनके लिये उसका अनुभव काफी उपयोगी साबित होगा। दोनों टीमों ने सीरीज में कई कैच टपकाये हैं और सिमंस ने कहा कि क्षेत्ररक्षण में ढिलाई कतई नहीं होनी चाहिये।
उन्होंने कहा कि कैच छोड़ने पर मैच नहीं जीते जाते। मुझे बहाने पसंद नहीं है। आपने कैच छोड़ा है तो यह आपकी गलती है। आप लाइट्स को कारण नहीं बता सकते। पोलार्ड को वनडे टीम में जैसन होल्डर की जगह और टी20 टीम में कार्लोस ब्रेथवेट की जगह कप्तान बनाया गया है। सिमंस ने कहा कि वह दोनों भूमिकायें बखूबी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब मैं पहले कोच था, तब जैसन कई मैचों में नहीं था।
कीरोन अपने खिलाड़ियों का काफी समर्थन करता है। वह उन्हें बताता है कि उनसे क्या अपेक्षायें हैं। सभी को पता है कि वह टीम के लिये अपना सब कुछ दे सकता है। वेस्टइंडीज ने 2016 टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में भारत को इसी मैदान पर हराया था लेकिन कोच ने कहा कि वह बीती बात हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



