मैड्रिड : विश्व के नंबर एक खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल को आस्ट्रिया के डॉमिनिक थिएम के हाथों 5-7, 3-6 से उलटफेर का शिकार होकर मैड्रिड ओपन टेनिस टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है, जिसके साथ ही उनका शीर्ष रैंकिंग गंवाना भी तय हो गया है। गत माह मोंटे कार्लो क्वार्टरफाइनल में नडाल से हारे थिएम ने अपना बदला भी चुकता कर लिया है। उन्होंने गत वर्ष रोम मास्टर्स में भी नडाल को हराया था और क्ले कोर्ट पर नडाल से जीतने वाले आखिरी खिलाड़ी हैं। स्पेनिश खिलाड़ी ने एक दिन पहले ही अर्जेंटीना के डिएगो श्वाट्जमैन को हराकर क्ले कोर्ट पर लगातार 50 सेट जीतने का रिकार्ड बनाया था। 31 वर्षीय नडाल के क्वार्टरफाइनल में हारने से उनका एटीपी रैंकिंग में शीर्ष स्थान गंवाना तय है जिससे स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर फिर से दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी बन जाएंगे।
24 साल के आस्ट्रियाई खिलाड़ी ने पहले सेट में बेहतरीन ग्राउंडस्ट्रोक लगाये जबकि क्ले कोर्ट किंग कहे जाने वाले नडाल ने काफी लचर खेल दिखाया और बेजां भूलें की। दूसरे सेट में थिएम ने 3-1 की बढ़त बनाई। हालांकि गत चैंपियन खिलाड़ी ने अगले छह गेम जीतकर बराबरी की लेकिन थिएम ने अगले 11 में से 10 अंक जीतकर दो घंटे से कम समय में मैच अपने नाम कर लिया। नडाल ने कहा’ मैंने आज के मैच में अच्छा खेल नहीं दिखाया। कई दिन आप अच्छा नहीं खेल पाते हैं, और उस दिन आपके विपक्षी बहुत अच्छा खेलते हैं।’
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



