लंदन : जेम्स एंडरसन ने भारतीय शीर्ष क्रम की कमजोरियों को फिर से उजागर करते हुए बारिश से प्रभावित दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत दिलायी। पहले दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ने के बाद दूसरे दिन भी लंच से पहले केवल 8.3 ओवर का खेल हो पाया जिसमें भारत ने तीन विकेट पर 15 रन बनाये। एंडरसन ने 15 गेंदों के अंदर मुरली विजय (शून्य) और केएल राहुल (आठ) को पवेलियन भेजा। एवम पुजारा रन आउट होकर पविलियन लौटे। भारतीय टीम की शुरुआत फिर से खराब रही। टास गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिये उतरे भारत के सलामी बल्लेबाज जल्द ही पवेलियन लौट गये। बारिश के कारण जब खेल रोका गया तब विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा एक – एक रन पर खेल रहे थे।
इंग्लैंड ने टास जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। विजय ने पारी की पांचवीं गेंद पर ही फ्लिक करने की कोशिश की लेकिन वह गेंद अंतिम क्षणों में आउटस्विंगर होकर उनका आफ स्टंप हिला गयी। वह खाता भी नहीं खोल पाये। राहुल ने स्टुअर्ट ब्राड की गेंदों को अच्छी तरह से छोड़ा और दो चौके भी लगाये लेकिन एंडरसन के सामने गेंद छोड़ना कड़ी चुनौती थी। सातवें ओवर में गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के दस्तानों में चली गयी।
भारतीय टीम ने एजबेस्टन में पहला टेस्ट मैच 31 रन से गंवाने वाली टीम में दो बदलाव किये हैं। उसने सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की जगह पुजारा और तेज गेंदबाज उमेश यादव के स्थान पर बायें हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में रखा है। इंग्लैंड की तरफ से ओली पोप टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करेंगे। उन्हें डेविड मलान के स्थान पर लिया गया है। अदालती कार्रवाई के कारण टीम से बाहर होने वाले आलराउंडर बेन स्टोक्स की जगह क्रिस वोक्स को टीम में रखा गया है।


Download Android App
Download iOS App



