भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को नेशनल क्रिकेट एकेडमी ने अब पूरी तरह से फिट घोषित कर दिया है,लेकिन इस बीच बीसीसीआई का कहना यह भी है कि ऑस्ट्रेलिया जाने के बाद रोहित का फिटनेस टेस्ट एक बार फिर से किया जाएगा। वैसे अब रोहित शर्मा आस्ट्रेलिया में टीम से जुड़ने को पूरी तरह से तैयार हैं। बीसीसीआई ने शनिवार को इस बात की पुष्टि की।

गौरतलब है शुक्रवार को ही रोहित के टेस्ट पास करने की खबर आ गई थी, लेकिन बीसीसीआई ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी। बोर्ड ने शनिवार को आधिकारिक बयान जारी कर रोहित के फिट होने की पुष्टि की।

बीसीसीआई ने बयान में लिखा है, भारतीय टीम के बल्लेबाज रोहित शर्मा ने बेंगलुरू स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) अपनी रीहैब प्रक्रिया पूरी कर ली है और वह फिट हैं।रोहित को आईपीएल में मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत हुई थी। वह 19 नवंबर से एनसीए में रीहैब पर थे।

बयान में कहा गया है, एनसीए की मेडिकल टीम रोहित की फिजिकल फिटनेस से पूरी तरह से संतुष्ट है। मेडिकल टीम ने उन्हें बल्लेबाजी, फील्डिंग और विकेटों के बीच दौड़ जैसे पैमानों पर परखा है और उनकी स्थिति से वह संतुष्ट है। उन्हें हालांकि अपनी ताकत पर काम करना होगा।

आस्ट्रेलिया पहुंचने पर वह दो सप्ताह के लिए क्वारंटीन रहेंगे और फिर टीम के साथ जुडेंगे। बयान में लिखा गया है, दो सप्ताह के क्वारंटीन के लिए उन्हें डिटेल प्रोग्राम दिया गया है।

क्वारंटीन के बाद मेडिकल टीम एक बार फिर उनकी जांच करेगी और इसके बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में उनके हिस्सा लेने पर फैसला करेगी। वहीं रोहित को शुरुआत में टीम में शामिल नहीं किया गया था, लेकिन बाद में उन्हें टेस्ट सीरीज के लिए टीम में जगह दी गई थी।


Download Android App
Download iOS App



