तोक्यो ओलंपिक से पहले इंग्लैंड में कई टूर्नामेंट खेलने जा रही टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के दो साल के बेटे के वीजा के लिए खेल मंत्रालय ने विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप का अनुरोध किया है। सानिया को छह जून से नॉटिंघम ओपन, 14 जून से बर्मिंघम ओपन, 20 जून से ईस्टबोर्न ओपन और 28 जून से विम्बलडन में भाग लेना है।
मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि खेल मंत्रालय की टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) में शामिल सानिया ने मंत्रालय से अपने बेटे और उसकी देखभाल करने वाले के लिए वीजा दिलाने में मदद की अपील की है। सानिया ने कहा कि वह अपने दो साल के बेटे को अकेले छोड़कर एक महीने के लिए यात्रा नहीं कर सकती।
इसमें कहा गया कि मंत्रालय ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विदेश मंत्रालय से लंदन स्थित भारतीय दूतावास के जरिए इस मामले में मदद की अपील की है। खेलमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि मैने अनुरोध को मंजूरी दे दी और खेल मंत्रालय के अधिकारी विदेश मंत्रालय के संपर्क में हैं। हमें उम्मीद है कि ब्रिटिश सरकार बच्चे को सानिया के साथ यात्रा करने की अनुमति देगी।


Download Android App
Download iOS App



