पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मालूम हो अफरीदी बीते दो सालों में दूसरी बार इस महामारी की चपेट में आये है। इससे पहले पूर्व कप्तान जून 2020 में कोरोना वायरस का शिकार हुए थे। तब यह जानलेवा वायरस पहली बार दुनिया के सामने आया था और दुनिया भर में इससे हड़कंप मचा था। इन दिनों वह पाकिस्तान की टी20 लीग पाकिस्तान सुपर लीग का हिस्सा हैं और उसमें क्वेटा ग्लेडिएटर्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

बता दें, जैसे ही अफरीदी को खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर मिली तो उन्होंने पीसीबी के कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए खुद को आइसोलेट कर लिया। ऐसे में अब वह निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद ही टीम के साथ वापस से जुड़ सकेंगे। वहीं अफरीदी क्वेटा ग्लैडिएटर्स के शुरुआती मैचों में भाग नहीं लेंगे और लाहौर के खिलाफ मैच के लिए टीम में शामिल होंगे।

मालूम हो अफरीदी ने व्यक्तिगत और स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते पीएसएल सीजन सात के बायो बबल को छोड़ दिया है। अफरीदी ने कहा कि वह बायो बबल से बाहर निकल गए हैं और आवश्यक तीन दिवसीय क्वॉरंटीन अवधि को पूरा करेंगे, जिसके बाद वह क्वेटा टीम में शामिल होंगे।

बताते चले, शाहिद अफरीदी ने पीएसएल में 50 मैच खेले हैं और 3 फ्रेंचाइजी – सुल्तान, पेशावर ज़ालमी और कराची किंग्स के लिए खेलते हुए 465 रन बनाए हैं। गेंद के साथ भी उनका योगदान शानदार रहा है। उन्होंने 7 रन प्रति ओवर से कम की इकॉनमी से 44 विकेट लिए हैं।


Download Android App
Download iOS App



