खराब बल्लेबाजी के कारण आलोचना झेल रहे विजय शंकर का बचाव करते हुए कप्तान विराट कोहली ने कहा कि विश्व कप में यह हरफनमौला जल्द ही भारत के लिए बड़ी पारी खेलने वाला है। रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले से पहले शंकर का समर्थन कर कोहली ने संकेत दिये कि ऋषभ पंत को टूर्नामेंट में मौका मिलने का इंतजार करना होगा।
शंकर के बारे में पूछे जाने पर कोहली ने कहा, ‘‘उनके बारे में सवाल उठना अजीब है क्योंकि उसने पाकिस्तान के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी की थी। अफगानिस्तान के खिलाफ मुश्किल पिच पर वह आत्मविश्वास से भरा दिखा। पिछले मुकाबले में भी वह अच्छी बल्लेबाली कर रहे थे लेकिन केमार रोच की शानदार गेंद पर आउट हो गये।’’ कोहली ने कहा, ‘आप ऐसे बैठ कर किसी पर निशाना नहीं साध सकते। मुझे निजी तौर पर लगता है कि वह अच्छा कर रहा है।
पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी की धीमी बल्लेबाजी का भी कोहली ने बचाव करते हुए कहा कि उन्हें पता है कि वह क्या कर रहे हैं। भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘हमें उन पर पूरा भरोसा है और उन्होंने कई बार टीम के लिए शानदार योगदान दिया है, खास कर इस कैलेंडर वर्ष में उनका प्रदर्शन और भी दमदार रहा है। मुझे नहीं लगता कि किसी का एक या दो मैच के प्रदर्शन पर आकलन किया जा सकता है।’


Download Android App
Download iOS App



