लखनऊ : दो बार की विश्व कैडेट चैम्पियन सोनम मलिक ने शनिवार को यहां रियो ओलंपिक कांस्य पदकधारी साक्षी मलिक को जबकि जूनियर अंशु मलिक ने विश्व चैम्पियनशिप की पदकधारी पूजा ढांडा को पराजित कर उलटफेर करते हुए एशियाई चैम्पियनशिप के लिये भारतीय टीम में अपना स्थान पक्का किया। सोनम और अंशु दोनों को पहले दौर में अनुभवी पहलवानों से भिड़ना था लेकिन दोनों ने साहसिक प्रदर्शन किया।
फाइनल दौर में सोनम ने राधिका को 4-1 से हराकर 62 किग्रा वर्ग में भारतीय टीम में जगह बनायी। अंशु ने पूजा को हराने के बाद 57 किग्रा ट्रायल के फाइनल में मानसी को पस्त किया। अन्य वजन वर्गों में कोई हैरानी भरे फैसले देखने को नहीं मिले जिसमें विनेश फोगाट (53 किग्रा) और दिव्या काकरान (68 किग्रा) ने आसानी से अपने मुकाबले जीत लिये। निर्मला देवी (50 किग्रा) और किरण गोदारा (76 किग्रा) अन्य पहलवान रहीं जिन्होंने ट्रायल में जीत हासिल की।
विजेता पहलवान रोम में 15 से 18 जनवरी तक चलने वाली पहली रैंकिंग सीरीज में भाग लेंगी जिसके बाद ये नयी दिल्ली में 18 से 23 जनवरी तक होने वाली एशियाई चैम्पियनशिप में शिरकत करेंगी। अगर ये पहलवान इन दोनों प्रतियोगिताओं में पदक जीत लेती हैं तो 27 से 29 मार्च तक जियान में होने वाले एशियाई ओलंपिक क्वालीफायर में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।


Download Android App
Download iOS App



