मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में टी20 क्रिकेट का एक ऐसा बड़ा रिकॉर्ड बना, जिसने हर किसी को हैरान कर के रख दिया। दरअसल वाशिंगटन फ्रीडम ने लगभग नामुमकिन लग रहे टारगेट को हासिल करते हुए MI न्यूयॉर्क के 266 रनों के स्कोर को पार कर लिया। ओकलैंड कोलिसीयम में खेले गए इस मुकाबले में वाशिंगटन फ्रीडम ने सिर्फ 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 270 रन बनाए और इसी के साथ टी-20 इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी दर्ज कर लिया।
निकोलस पूरन की तूफानी पारी से MI ने बनाया बड़ा स्कोर

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी MI न्यूयॉर्क की शुरुआत शानदार रही। टीम के कप्तान निकोलस पूरन ने गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए सिर्फ 33 गेंदों में 106 रनों की धमाकेदार पारी खेली। उनकी पारी में 5 चौके और 13 शानदार छक्के शामिल थे। क्विंटन डी कॉक ने 51 रन और कीरोन पोलार्ड ने 64 रन बनाकर टीम के स्कोर को 266 रनों तक पहुंचाने में अहम रोल निभाया। MI न्यूयॉर्क ने अपनी पारी में कुल 29 छक्के लगाए, जो लीग क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का नया रिकॉर्ड बन गया।

वहीं वाशिंगटन फ्रीडम की ओर से रचिन रवींद्र ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए और MI न्यूयॉर्क को 9 विकेट पर 266 रन ही बनाने दिए। हालांकि, यह स्कोर भी वाशिंगटन के अटैकिंग बल्लेबाजों के सामने छोटा साबित हुआ।
Washington Freedom Record: स्मिथ और गॉस ने पलट दिया मुकाबला

267 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी वाशिंगटन फ्रीडम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। कप्तान स्टीव स्मिथ और विकेटकीपर बल्लेबाज एंड्रीज गॉस ने MI न्यूयॉर्क के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। गॉस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 51 गेंदों में 132 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और 12 छक्के शामिल थे। वहीं, स्टीव स्मिथ ने भी अपना आक्रामक अंदाज दिखाते हुए 48 गेंदों में नाबाद 110 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 9 छक्के शामिल थे।
दोनों बल्लेबाजों की विस्फोटक पारियों की बदौलत वाशिंगटन फ्रीडम ने 18.4 ओवर में ही टारगेट हासिल कर लिया। टीम ने 4 विकेट पर 270 रन बनाकर न सिर्फ मुकाबला जीता, बल्कि टी20 क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़े सफल रन चेज का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। यह मुकाबला लंबे समय तक टी20 क्रिकेट के सबसे रोमांचक और यादगार मैचों में गिना जाएगा।
Read More: ODI सीरीज के बाद कोच की होने वाली है छुट्टी!, टीम इंडिया को लगेगा बड़ा झटका


Download Android App
Download iOS App




