WWE में रोमन रेंस का दबदबा पिछले कई सालों से देखने को मिल रहा है। 2012 में मेन रोस्टर का हिस्सा बनने के बाद उन्होंने कंपनी में अपनी अलग पहचान बनाई थी। साल 2020 में हील टर्न लेने के बाद उनके करियर ने एक नया मोड़ लिया और वह धीरे-धीरे WWE के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में शामिल हो गए। ‘ट्राइबल चीफ’ के किरदार ने उनकी पॉपुलैरिटी को और बढ़ाया है। हालांकि अब एक पूर्व WWE स्टार ने रोमन रेंस की सक्सेस को लेकर ऐसा दावा किया है, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर रोमन की तस्वीर शेयर करते हुए अपने बयान से फैंस के बीच एक अलग सी चर्चा छेड़ दी है।
क्यों कहा जाता है रोमन रेंस को ‘Tribal Chief’?

रोमन रेंस लंबे समय से ‘द ट्राइबल चीफ’ के नाम से मशहूर हैं। वह WWE में समोअन फैमिली को लीड करते रहे हैं और ब्लडलाइन के भी चीफ रहे हैं। उनके पास उला फाला भी है, जो समोअन कल्चर में खास महत्व रखता है। साल 2020 में ही रोमन ने खुद को ट्राइबल चीफ के रूप में स्थापित किया था। इसके बाद उनका यह किरदार WWE के सबसे पॉपुलर और प्रभावशाली किरदारों में शामिल हो गया।
Braun Strowman ने रोमन रेंस को लेकर किया बड़ा दावा

ऐसे में अब पूर्व WWE स्टार ब्रॉन स्ट्रोमैन ने रोमन रेंस की अचीवमेंट्स को लेकर एक दिलचस्प दावा किया है। स्ट्रोमैन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और उन्होंने एक्स पर रोमन रेंस की तस्वीर शेयर करते हुए अपने पुराने कॉम्पटीटर को लेकर बड़ा बयान दिया है। स्ट्रोमैन ने लिखा कि, “क्योंकि अभी रेसलिंग में ये सबसे हॉट टॉपिक है। याद रखना, मेरे बिना कोई ट्राइबल चीफ नहीं है।” उनके इस बयान के बाद फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई है। दरअसल, साल 2017 के दौरान रोमन रेंस और ब्रॉन स्ट्रोमैन के बीच WWE में जबरदस्त राइवलरी देखने को मिली थी। दोनों के बीच कई यादगार मुकाबले हुए थे।
WWE ने ब्रॉन स्ट्रोमैन को कब रिलीज किया था?
ब्रॉन स्ट्रोमैन ने साल 2015 में WWE के मेन रोस्टर में कदम रखा था। उन्होंने अपने ताकतवर अंदाज और शानदार परफॉर्मेंस के दम पर जल्द ही कंपनी में अपनी जगह बना ली। फिर साल 2020 में उन्होंने यूनिवर्सल चैंपियनशिप भी अपने नाम की थी। हालांकि, मई 2025 में WWE ने एक बार फिर उन्हें रिलीज कर दिया। कई रिपोर्ट्स में उनकी ज्यादा सैलरी को रिलीज किए जाने की वजहों में से एक बताया गया था। इसके बावजूद स्ट्रोमैन रेसलिंग की दुनिया में लगातार एक्टिव नजर आते रहे हैं।
रोमन रेंस का शानदार टाइटल रन जारी

रोमन रेंस का मौजूदा दौर भी काफी शानदार रहा है। उन्होंने इस साल की शुरुआत में रॉयल रंबल मैच जीतकर बड़ी अचीवमेंट हासिल की। इसके बाद रेसलमेनिया 42 में उन्होंने सीएम पंक को हराकर वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियनशिप अपने नाम की। फिर चैंपियन बनने के बाद रोमन रेंस कई बार अपने टाइटल का बचाव कर चुके हैं। उन्होंने दो मुकाबलों में जेकब फाटू को भी मात दी थी, जबकि हाल ही में समरस्लैम में सैथ रॉलिंस को हराकर भी उन्होंने अपनी बादशाहत कायम रखी। अब ब्रॉन स्ट्रोमैन के बयान ने रोमन रेंस के पुराने WWE सफर और दोनों की पुरानी राइवलरी को एक बार फिर से चर्चा में ला दिया है।
Read More: Brock Lesnar को याद करते हुए Triple H ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट, जानें WWE के चीफ ने क्या लिखा?


Download Android App
Download iOS App




