Whatsapp Daily Spam Messages: एक सर्वे के दौरान सामने आया है कि Whatsapp यूजर्स को रोजाना बड़ी संख्या में स्पैम और अनचाहे मैसेज परेशान कर रहे हैं। लोकलसर्कल्स द्वारा किए गए इस सर्वे में बताया गया कि करीब 96 प्रतिशत यूजर्स को हर दिन किसी न किसी तरह के अवांछित संदेश (Unsolicited Messages) मिलते हैं। सिर्फ 4 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उन्हें व्हाट्सएप पर कोई भी प्रचार या स्पैम मैसेज नहीं मिलता।
Whatsapp Daily Spam Messages: रोज कितने स्पैम मैसेज मिलते हैं?
इस सर्वे में 13 हजार से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। इनमें से 54 प्रतिशत यूजर्स ने बताया कि उन्हें रोजाना एक से तीन स्पैम या प्रमोशनल मैसेज मिलते हैं। वहीं 30 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उन्हें चार से सात ऐसे मैसेज मिलते हैं। करीब 11 प्रतिशत यूजर्स ने बताया कि उन्हें रोज आठ या उससे भी ज्यादा अनचाहे मैसेज झेलने पड़ते हैं।

WhatsApp Spam Alert: सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी
यह रिपोर्ट ऐसे समय पर सामने आई है जब सुप्रीम कोर्ट ने मेटा और व्हाट्सएप को डेटा शेयरिंग को लेकर फटकार लगाई है। अदालत ने कहा कि कंपनियां यूजर्स की निजता (Privacy) के अधिकार से समझौता नहीं कर सकतीं। कोर्ट ने खास तौर पर उन आम लोगों की बात की जो डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निर्भर हैं लेकिन प्राइवेसी पॉलिसी के असर को पूरी तरह नहीं समझ पाते।
Whatsapp Updates: Whatsapp Business अकाउंट से आते हैं ज्यादा मैसेज
सर्वे में यह भी सामने आया कि ज्यादातर स्पैम मैसेज व्हाट्सएप बिजनेस अकाउंट से भेजे जाते हैं। Whatsapp बिजनेस एक ऐसी सुविधा है जिसमें कंपनियां और कारोबारी पैसे देकर यूजर्स को सीधे मैसेज भेज सकते हैं। इसी का गलत इस्तेमाल कर कई लोग बिना अनुमति के प्रचार संदेश भेज रहे हैं।

किस तरह के स्पैम मैसेज सबसे ज्यादा आते हैं?
यूजर्स को अलग-अलग तरह के स्पैम मैसेज मिलते हैं। करीब 71 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उन्हें रियल एस्टेट से जुड़े ऑफर आते हैं, जैसे फ्लैट या प्लॉट खरीदने के प्रस्ताव। इतने ही लोगों को फाइनेंशियल सर्विसेज से जुड़े मैसेज भी मिलते हैं, जैसे लोन, निवेश या इंश्योरेंस।
इसके अलावा 46 प्रतिशत लोगों को हेल्थ से जुड़ी सेवाओं के मैसेज आते हैं, जैसे पैथोलॉजी टेस्ट या इलाज के ऑफर। 44 प्रतिशत यूजर्स को नौकरी या कमाई से जुड़े झांसे वाले मैसेज मिलते हैं। कुछ लोगों को ब्यूटी सर्विस, आरओ रिपेयर, गेमिंग और मोबाइल प्लान से जुड़े मैसेज भी मिलते हैं।

यूजर्स कैसे निपट रहे हैं इस परेशानी से?
स्पैम से परेशान ज्यादातर लोग मैसेज भेजने वाले नंबर को ब्लॉक कर देते हैं। सर्वे में 59 प्रतिशत यूजर्स ने यही तरीका अपनाने की बात कही। कुछ लोग ऐसे मैसेज को नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि करीब 3 प्रतिशत लोग उन नंबरों को म्यूट कर देते हैं ताकि बार-बार नोटिफिकेशन न आए।























