भारत समेत दुनियाभर में कोरोना का कहर जारी है। देशभर में कोरोना के मामले 12 हजार के पार हो चुके हैं और 420 मौत हो चुकी है। इस बीच, कोविड-19 से 53 देशों में कुल 3,336 भारतीय संक्रमित हुए हैं, जबकि इस वैश्विक महामारी में विदेशों में 25 भारतीय नागरिकों की जान चली गई। सरकारी सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक, विदेशों में फंसे भारतीयों को संयम रखना होगा क्योंकि सरकार देश में कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के व्यापक नीतिगत फैसले के तहत उन्हें वहां से स्वदेश नहीं ला रही है। उन्होंने कहा कि भारत ने 55 देशों को वाणिज्यिक आधार पर और मदद के रूप में मलेरिया रोधी दवा हाइड्रोक्सीक्लोरोक्विन की आपूर्ति करने का फैसला किया है।
विदेशों से मेडिकल उपकरण मंगाने के विषय पर उन्होंने कहा कि भारत दक्षिण कोरिया और चीन से कोविड-19 जांच किट खरीद रहा है। सूत्रों ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिये भारत मेडिकल उपकरण जर्मनी, अमेरिका, ब्रिटेन, मलेशिया, जापान और फ्रांस से खरीदने पर विचार कर रहा है।
बता दें, भारत में कोरोना से अबतक कुल 420 लोगों की जान जा चुकी है, जबिक 12,759 लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं। वहीं, 1,515 लोग इस वायरस से ठीक भी हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



