चंडीगढ : पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को अमृतसर ट्रेन दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए पांच लाख रूपये मुआवजे की घोषणा की और कहा कि वह राहत एवं बचाव अभियान के व्यक्तिगत निरीक्षण के लिए मौके पर जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि यहां उस समय कम से कम 50 व्यक्तियों की मौत हो गई जब दशहरे के मौके पर रावण दहन देखने आये लोगों की भीड़ पटरियों पर खड़ी हो गई। इसी दौरान ये लोग गुजर रही एक ट्रेन की चपेट में आ गए । मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों के लिए मुफ्त इलाज की घोषणा की है।
सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘अमृतसर में दशहरे पर हुए दुखद रेल हादसे में राहत एवं बचाव कार्य के व्यक्तिगत निरीक्षण के लिए अमृतसर जा रहा हूं। मेरी सरकार मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को पांच लाख रूपये और घायलों को सरकारी और निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज मुहैया कराएगी। जिला प्राधिकारी युद्धस्तर पर लगा दिये गये हैं।’’ जोडा फाटक पर शाम को यह दुर्घटना उस समय हुई जब ट्रेन जालंधर से अमृतसर आ रही थी। कम से कम 300 लोग रेल पटरी के पास स्थित मैदान में रावण दहन देख रहे थे। एसडीएम अमृतसर 1, राजेश शर्मा ने कहा कि कम से कम 50 शव मिले हैं और कम से कम 50 घायलों को एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने कहा कि मृतक संख्या और अधिक हो सकती है।


Download Android App
Download iOS App



