गुजरात में विधानसभा चुनाव की तारीख काफी नजदीक आ गई है। चुनाव के लिए सभी पार्टियां प्रचार रैलियां कर रही है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सरदार वल्लभभाई पटेल का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और उसने अब गुजरात विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पटेल की तारीफ करना शुरू कर दिया है।बता दे कि भाजपा नेता ने गुजरात में आणंद जिले के खम्भात में चुनावी सभा में कहा कि देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री का अंतिम संस्कार भी सादे तरीके से किया गया था।
अंतिम संस्कार सादे तरीके से किया गया
शाह ने कहा, ‘‘मुझे हैरानी है कि कांग्रेस अब सरदार पटेल की तारीफ कर रही है। मैंने अपने बचपन से कभी किसी कांग्रेस नेता को पटेल के बारे में बात करते नहीं सुना। बल्कि, उन्होंने पटेल का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उनका अंतिम संस्कार सादे तरीके से कर दिया गया ताकि उनकी याद में कोई स्मारक नहीं बनाना पड़े।’’गुजरात में खम्भात और 92 अन्य विधानसभा सीटों के लिए मतदान विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में पांच दिसंबर को होगा।
कानून का विरोध करने का भी आरोप लगाया
शाह ने कहा कि पटेल को वास्तविक श्रद्धांजलि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी प्रतिमा ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ बनवाकर दी है जो दुनिया का सबसे ऊंचा स्मारक है।उन्होंने खम्भात से कांग्रेस के उम्मीदवार चिराग पटेल को चुनौती दी कि एक भी ऐसी तस्वीर दिखाएं जिसमें वह स्टेच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दे रहे हों।शाह ने दावा किया कि कोई कांग्रेस नेता केवड़िया में स्टेच्यू ऑफ यूनिटी पर जाने का साहस नहीं करता क्योंकि उसे टिकट नहीं मिलने का डर होता है।
उन्होंने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति के लिए अयोध्या में राम मंदिर निर्माण तथा तीन तलाक रोधी कानून का विरोध करने का भी आरोप लगाया।


Download Android App
Download iOS App



