अग्निपथ योजना (Agnipath Scheme) के खिलाफ कई संगठनों ने आज भारत बंद (Bharat Bandh) का ऐलान किया है। सेना भर्ती की नयी प्रणाली अग्निपथ को लेकर कई दिनों से देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं। इन प्रदर्शनों में भारी मात्रा में सरकारी संपत्ति को क्षतिग्रस्त किया गया है। वहीं, तीनों सेनाओं ने योजना की वापसी से इनकार कर दिया है।
विरोध प्रदर्शन के चलते जंतर मंतर के पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खबर है कि नई दिल्ली इलाक में कड़ी सुरक्षा के निर्देश दिए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अन्य राज्यों से प्रदर्शनकारियों के आने का अंदेशा जताया जा रहा है। ऐसे में दिल्ली की सभी सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ाई गई है।

दिल्ली में कई जगहों पर बैरिकेड लगे हैं। इस वजह से अक्षरधाम के पास भारी जाम लग गया है। गुरुग्राम से दिल्ली आने वाले रास्ते पर रजोकरी बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर चेकिंग शुरू कर दी है। विभिन्न संगठनों के भारत बंद के आह्वान के आलावा कांग्रेस भी आज इस योजना के खिलाफ प्रदर्शन करने वाली है।
कांग्रेस का सत्याग्रह
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी आज फिर पूछताछ करने वाली है। जांच एजेंसी ने उन्हें सोमवार को पेश होने के लिए कहा था। ईडी की जांच और सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए लाई गई नई ‘अग्निपथ’ योजना को लेकर कांग्रेस आज बड़े स्तर पर ‘शांतिपूर्ण’ प्रदर्शन (सत्याग्रह) करेगी।
बिहार के 20 जिलों में इंटरनेट सेवा बंद
‘भारत बंद’ के आह्वान पर बिहार में एहतियातन 20 जिलों में इंटरनेट सेवा सोमवार को बंद रहेगी और 350 ट्रेनें भी रद्द रहेंगी। रविवार को भी 362 ट्रेनें निरस्त रही थीं। ऐसे में यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बिहार में भी भारत बंद का असर देखने को मिल सकता है। बीते 5 दिनों से राज्य के कई इलाकों में हिंसक प्रदर्शनों से जनजीवन अस्तव्यस्त है।


Download Android App
Download iOS App



