गैर-भाजपा शासित राज्य सरकारों को निशाना बनाने के लिए राज्यपाल का इस्तेमाल कर रहा केंद्र : राहुल - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

गैर-भाजपा शासित राज्य सरकारों को निशाना बनाने के लिए राज्यपाल का इस्तेमाल कर रहा केंद्र : राहुल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर देश में गैर-भाजपा शासित राज्यों को निशाना बनाने के लिए राज्यपाल के कार्यालय का ‘इस्तेमाल’ करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर देश में गैर-भाजपा शासित राज्यों को निशाना बनाने के लिए राज्यपाल के कार्यालय का ‘इस्तेमाल’ करने का आरोप लगाया।
गांधी ने दावा किया कि केंद्र देश पर एक राष्ट्र, एक भाषा की नीति थोपने के अपने एजेंडे का अनुसरण कर रहा है।
‘भारत जोड़ो यात्रा’ केरल पड़ाव के बाद बृहस्पतिवार को तमिलनाडु के गुडालूर शहर पहुंची, जहां से यात्रा 30 सितंबर को कर्नाटक में प्रवेश करेगी। पहाड़ी क्षेत्र नीलगिरि जिले में स्थित गुडालूर शहर पहुंचने पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए।
राहुल गांधी ने यहां आरोप लगाया कि राज्यपालों का इस्तेमाल विपक्षी शासित राज्य (सरकारों) को ‘‘गिराने’’ के लिए किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए पूछा, ‘‘राज्यपालों को विपक्षी शासित राज्यों में हस्तक्षेप करने का अधिकार क्यों होना चाहिए? क्या वे लोगों द्वारा चुने गए हैं?’’
उन्होंने कहा, ‘‘क्या लोगों ने उन्हें राज्यपाल के पद तक पहुंचाया है? भाजपा और आरएसएस को जनता द्वारा चुनी गई सरकारों को एक के बाद एक गिराने का क्या अधिकार है?’’
गांधी ने दावा किया कि केंद्र को जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) के राज्य के हिस्से को दबाकर रखने का कोई अधिकार नहीं है और यह राशि राज्यों को सही समय पर दी जानी चाहिए।
स्थानीय मस्जिद में अजान होने के दौरान राहुल गांधी ने कुछ देर के लिए अपना संबोधन रोक दिया।
गांधी ने कहा, ‘‘राज्यों को (प्रशासन का) भागीदार होना चाहिए और केंद्र सरकार को राज्यों को साझेदारी में रखना चाहिए, लेकिन केंद्र पूरे देश पर एक भाषा, एक संस्कृति थोपना चाहता है। हम एकता चाहते हैं। साथ ही हमें विभिन्न भाषाओं, संस्कृति और धर्म की विविधता का सम्मान करना चाहिए।’’
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर लोगों में नफरत, हिंसा एवं गुस्सा फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी और न ही पार्टी किसी राज्य या भाषा का अपमान करने देगी।
यात्रा के दौरान कारोबारियों से बातचीत के दौरान उन्हें बताया गया कि केंद्र की नीतियां, खासकर नोटबंदी और जीएसटी लोगों के लिए ‘‘विनाशकारी’’ हैं। राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 18 दिन के केरल चरण के समापन के बाद कहा, ‘‘जीएसटी ने व्यापारियों के जीवन को और अधिक जटिल बना दिया है।’’
उन्होंने गुडालूर की प्राकृतिक सुंदरता की प्रशंसा की।
तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) ने ट्वीट किया ‘‘भारत जोड़ो यात्रा, अपने अगले पड़ाव तमिलनाडु के गुडालूर पहुंची। राहुल गांधी यात्रियों के साथ एक स्वतंत्र और समृद्ध भारत की ओर अपनी अथक यात्रा जारी रखेंगे।’’
बाद में, एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दावा किया कि इस यात्रा ने भाजपा को चिंतित कर दिया है और वह इसे ‘नुकसान’ पहुंचाने तथा ‘बाधित’ करने की पूरी कोशिश कर रही है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को कन्याकुमारी, तमिलनाडु से शुरू हुई थी। कन्याकुमारी से शुरू होकर यह यात्रा जम्मू-कश्मीर तक जाएगी। 150 दिनों की इस पदयात्रा में 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

nineteen − eight =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।