भाजपा ने रविवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी रॉबर्ट वाड्रा से जुड़े लोगों के खिलाफ छापेमारी के बाद जांच एजेंसियों को ‘धमका’ रही है। भगवा पार्टी ने कहा कि वे (जांच एजेंसियां) भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेंगी, चाहे उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि कोई भी क्यों ना हो। गौरतलब है कि वाड्रा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बहनोई हैं।
भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार से मजबूती से लड़ रहे हैं और उन्होंने इस बारे में लोगों से किए वादों को पूरा किया है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं द्वारा इससे पहले संवाददाता सम्मेलन में की गई उन कथित टिप्पणियों को लेकर विपक्षी पार्टी की आलोचना की, जिनमें कहा गया था कि राजनीतिक मौसम बदल रहा है। कांग्रेस नेताओं ने इन छापों को लेकर सरकार पर हमला बोला था।
हुसैन ने कहा, “कांग्रेस और इसके नेता जांच एजेंसियों पर अपशब्दों की बौछार कर रहे हैं। ये एजेंसियां भ्रष्टाचार के खिलाफ काम कर रही हैं। कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि मौसम बदल रहा है लेकिन उन्हें पता होना चाहिए कि देश बदल रहा है। भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”
सिब्बल ने Modi सरकार पर बोला हमला, कहा-वाड्रा एवं परिजनों के साथ गैर कानूनी कार्रवाई कर रही है सरकार
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सत्ता में कभी नहीं लौटेगी और भाजपा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा राजस्थान में एक बार फिर सरकार बनाएगी। भाजपा नेता ने कहा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त रहना, बाद में उससे इनकार करना और फिर कार्रवाई होने पर अपशब्दों का इस्तेमाल करना कांग्रेस की आदत है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जांच एजेंसियों को भ्रष्टाचार के मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए खुली छूट दे रखी है, चाहे वे किसी भी पार्टी और पारिवारिक पृष्ठभूमि के क्यों न हो। अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए हिंदुत्व संगठनों के दबाव बनाने के बारे में एक सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा का मानना है कि इसमें कोई देर नहीं होनी चाहिए। जनभावना यह है कि मंदिर यथाशीघ्र बनना चाहिए और सरकार इस भावना का सम्मान करती है।


Download Android App
Download iOS App




