भारत में कोरोना वायरस के नए स्वरूप ‘ओमीक्रोन’ से जुड़े अब तक 2,135 मामले सामने आए हैं।केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार सुबह अद्यतन आंकड़ों में यह जानकारी दी। संक्रमण के ये मामले 24 राज्यों तथा केन्द्रशासित प्रदेशों में सामने आए हैं। देश में ओमिक्रोन के 2,135 मरीज़ों में से 828 मरीज़ रिकवर हो गए हैं।
महाराष्ट्र में सबसे अधिक 653 मामले सामने आए
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि महाराष्ट्र में सबसे अधिक 653 मामले सामने आए, इसके बाद दिल्ली में 464, केरल में 185, राजस्थान में 174, गुजरात में 154 और तमिलनाडु में 121 मामले सामने आए। मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में एक दिन में कोविड-19 के 58,097 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,50,18,358 हो गई है। करीब 199 दिन बाद इतने अधिक दैनिक मामले सामने आए हैं, इससे पहले 20 जून 2021 को 58,419 नए मामले सामने आए थे।
उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 42,174 की वृद्धि दर्ज की गई
देश में 534 और संक्रमितों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,82,551 हो गई है। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या करीब 81 दिन बाद दो लाख के पार चली गई। देश में अभी 2,14,004 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 0.61 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 42,174 की वृद्धि दर्ज की गई है।
आंकड़ों के अनुसार, मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.01 प्रतिशत है। संक्रमण की दैनिक दर 4.18 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 2.60 प्रतिशत दर्ज की गई। देश में अभी तक कुल 3,43,21,803 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.38 प्रतिशत है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 147.72 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।


Download Android App
Download iOS App



