विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक बयान में बताया कि कोरोना वायरस प्रभावित ईरान से 44 भारतीय जायरीनों का दूसरा दल ‘ ईरान एयर ‘ के साथ शुक्रवार की दोपहर को मुंबई लौट लौट आया है। उन्होंने आगे बताया कि ईरान कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित देशों में से एक है और भारत सरकार वहां फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए लगातार काम कर रही है।
जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘44 भारतीय जायरीनों का जत्था ईरान से आज आ गया। बाकी लोगों को वापस लाने के प्रयास जारी हैं। ईरान में भारतीय दूतावास और हमारा चिकित्सा दल बेहतर काम करते रहें। हम ईरानी अधिकारियों और उनकी एयरलाइन्स के सहयोग की सराहना करते हैं।’’

ईरान से 58 भारतीय श्रद्धालुओं का पहला जत्था मंगलवार को लौटा था। एक अधिकारी ने बताया कि विमान दोपहर 12 बजकर 08 मिनट पर मुम्बई हवाई अड्डे पर उतरा । एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इन यात्रियों को एअर इंडिया के विमान से जैसलमेर ले जाया जाएगा।
गौरतलब है कि सेना के एक प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को कहा था कि करीब 120 भारतीयों को शुक्रवार को जैसलमेर लाया जाएगा और उन्हें सैन्य प्रतिष्ठान में निगरानी में रखा जाएगा। विदेश मंत्री ने भी कहा था कि 6000 से अधिक भारतीय ईरान के विभिन्न प्रांतों में फंसे हैं।


Download Android App
Download iOS App



