कोरोना वायरस का मछली, चिकन और अंडे से कोई संबंध नहीं, अफ़वाहों से बचें : गिर‍िराज सिंह

Summary :

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कोरोना के चलते खुले मांस की बिक्री पर पाबंदी लगाए जाने को लेकर उन्होंने कहा, मुझे पता चला कि लखनऊ के जिलाधिकारी ने जिले में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है।

भारत में कोरोना वायरस के मामले सामने आने के बाद सरकार अपनी तरफ से सुरक्षा के हर इंतजाम कर रही है। वहीं कोरोना को लेकर फैले भ्रम पर केंद्रीय पशुपालन और मत्स्य पालन मंत्री गिरिराज सिंह का बयान सामने आया है। उन्होंने मांस, अंडा और मछली के द्वारा कोरोना के फैलने से इंकार किया है। 
उन्होंने कहा, कुछ लोग कोरोनो वायरस के संबंध में ज्ञान की कमी के कारण भ्रम पैदा कर रहे हैं। पशुपालन, डेयरी और डेयरी विभाग ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि COVID-19 (सीओवीआईडी-19) मांस, अंडा या मछली के माध्यम से नहीं फैलता है। उन्होंने  ट्वीट कर लिखा, करोना का संबंध कहीं भी मछली अंडे और चिकेन से साबित नहीं हो पाया है..अफ़वाहों से बचें। मछली अंडा और चिकेन छोड़ने से प्रोटीन की कमी हो सकती है..अतः स्वच्छता का ध्यान रखें और सभी भोजन अच्छी तरह पका कर खाएं। 


उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कोरोना के चलते खुले मांस की बिक्री पर पाबंदी लगाए जाने को लेकर उन्होंने कहा, मुझे पता चला कि लखनऊ के जिलाधिकारी ने जिले में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। मैं जिलाधिकारियों से अनुरोध करता हूं कि वे कोरोना वायरस पर कोई भी सलाह देने से पहले भारत सरकार और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) से परामर्श करें।

गौरलतब है की भारत में कोरोना वायरस के 29 मामले सामने आए है। वायरस के बढ़ते मामले को लेकर लखनऊ में जिला प्रशासन अलर्ट ने बिना लाइसेंस की मांस की दुकानों को बंद करने के साथ ही एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी गई है। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।

Desk Team