मुंबई की एक सत्र अदालत ने ऑनलाइन परीक्षा को लेकर छात्रों को भड़काने के मामले में विकास फाटक उर्फ हिंदुस्तानी भाऊ को जमानत दे दी है। उन्हें 1 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। हिंदुस्तानी भाऊ पर आरोप था उन्होंने छात्रों को भड़काया और उकसाया। जिसके बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और कुछ गाड़ियों में तोड़-फोड़ की।
बता दें कि जनवरी के आखिरी में धारावी और महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों में 10वीं और 12वीं के सैकड़ों छात्र सड़कों पर उतर आए थे। उन्होंने ऑफलाइन परीक्षा के विरोध को लेकर सड़कों पर हंगामा किया था। आरोप लगा कि विकास फाटक उर्फ हिंदुस्तानी भाऊ ने छात्रों को भड़काया और उकसाया। उकसावे में आकर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और कुछ गाड़ियों में तोड़फोड़ की।
वायरल वीडियो में विकास फाटक ने कही थी ये बातें
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हुआ था उसमें विकास फाटक ने कहा था कि इन दो वर्षों में COVID के कारण कई लोगों की मृत्यु हुई। अब तक, परिवार सदमे से उबर रहे हैं और अब ऑमिक्रोन का नया नाटक शुरू हो गया है। यह क्या है? सरकार लोगों से घर के अंदर रहने का आग्रह कर रही है। वे क्यों लें छात्रों की ऑफलाइन परीक्षा। हिंदुस्तानी भाऊ ने यूट्यूब वीडियो में कहा कि परीक्षा कैंसिल करो। बच्चों के जान के साथ मत खेलो वर्ना फिर से आंदोलन होगा.परीक्षाएं रद्द करें।
वीडियो के वायरल होने के बाद भारी संख्या में छात्र धारावी पुलिस स्टेशन के बाहर एकत्रित हो गए थे। वीडियो को 24 जनवरी को अपलोड किया गया था और विकास फाटक की गिरफ्तारी के वक्त उसे 2.77 लाख व्यूज मिल चुके थे। विकास के यूट्यूब चैनल पर 5 लाख से ज्यादा सबस्क्राईबर्स हैं।


Download Android App
Download iOS App



