भारतीय सेना प्रमुख मनोज पांडेय ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से उनके आधिकारिक आवास पर शिष्टाचार भेंट की और अपनी पहली यात्रा के दौरान शीर्ष सैन्य कमांडरों के साथ बातचीत की। भारतीय सेना प्रमुख जनरल पांडेय अपने बांग्लादेशी समकक्ष जनरल एस एम शफीउद्दीन अहमद के निमंत्रण पर बांग्लादेश की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं।
रक्षा सेवा कमान और स्टाफ कॉलेज, मीरपुर का किया दौरा
ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने मंगलवार को ट्वीट किया, ‘‘जनरल मनोज पांडे, पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएसएम, एडीसी, सीओएएस सेना ने बांग्लादेश की माननीय प्रधानमंत्री से शिष्टाचार भेंट की।’’ उच्चायोग ने कहा, ‘‘उन्होंने रक्षा सेवा कमान और स्टाफ कॉलेज, मीरपुर का दौरा किया और सशस्त्र बल युद्ध पाठ्यक्रम के प्रशिक्षु अधिकारियों और फैकल्टी के लिए भारत के सुरक्षा परिप्रेक्ष्य पर एक व्याख्यान दिया।’’
जनरल मनोज पांडेय ने सुरक्षा परिप्रेक्ष्य पर दिया व्याख्यान
इससे पहले, जनरल पांडेय ने रक्षा सेवा कमान और स्टाफ कॉलेज, मीरपुर में सशस्त्र बल युद्ध पाठ्यक्रम के प्रशिक्षुओं और अधिकारियों के लिए भारत के सुरक्षा परिप्रेक्ष्य पर व्याख्यान दिया। सेना प्रमुख ने ‘बांग्लादेश इंस्टीट्यूट ऑफ़ पीस सपोर्ट एंड ऑपरेशन ट्रेनिंग’ के सदस्यों के साथ भी संवाद किया, जो संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों के लिए बांग्लादेश के शांति सैनिकों को प्रशिक्षण देने वाला एक प्रमुख संस्थान है।
मनोज पांडेय ने शेख मुजीबर रहमान को अर्पित की श्रद्धाजंलि
भारतीय सेना प्रमुख जनरल पांडेय के साथ उनकी पत्नी अर्चना पांडेय और तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। जनरल पांडेय धनमंडी में बंगबंधु स्मारक संग्रहालय में बांग्लादेश के राष्ट्रपिता बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान को श्रद्धांजलि देंगे। वह विभिन्न सैन्य स्टेशनों का दौरा भी करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



