26/11 पर ट्वीट कर विवादों में फंसे मेघालय के राज्यपाल, डिलीट कर मांगी माफी

Summary :

राज्यपाल तथागत राय ने 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले की दसवीं बरसी पर ट्वीट किया । हमले में 166 लोग मारे गए थे और 300 से ज्यादा जख्मी हो गए थे।

मेघालय के राज्यपाल तथागत राय ने सोमवार को एक विवादास्पद ट्वीट किया कि 26/11 का आतंकवादी हमला ”(मुस्लिमों को छोड़कर) निर्दोषों का कत्ल” था लेकिन बाद में उन्होंने माफी मांगकर इसे हटा दिया। उन्होंने कहा कि इसमें  ”तथ्यात्मक गलती” है। मुंबई आतंकवादी हमले की दसवीं बरसी पर उन्होंने यह ट्वीट किया । हमले में 166 लोग मारे गए थे और 300 से ज्यादा लोग जख्मी हो गए थे।

राय ने ट्वीट किया, ”मुंबई में पाक प्रायोजित निर्दोषों (मुस्लिमों को छोड़कर) के कत्ल की दसवीं बरसी जिसे 26/11 के नाम से जाना जाता है। क्या किसी को याद है कि हमने पाकिस्तान के साथ कूटनीतिक रिश्तों में कमी क्यों नहीं लाई (या तो संबंध खत्म कर देते या युद्ध करते)?”

बहरहाल, राज्यपाल ने इसे तुरंत हटा दिया और माफी मांग ली। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ”मुझे गलत सूचना दी गई कि 26/11 के पाक प्रायोजित हत्यारों ने मुस्लिमों को बख्श दिया। वास्तव में कई मुस्लिम मारे गए। यह तथ्यों की गलती थी और और मुझे इसके लिए खेद है। संबंधित ट्वीट को हटा दिया गया है।”

इसके बाद राय ने दूसरे ट्वीट को भी हटा दिया और तीसरा पोस्ट किया। उन्होंने तीसरे पोस्ट में लिखा, ”26/11 से जुड़े ट्वीट में तथ्यात्मक गलती थी। माफी मांगकर इसे हटा लिया गया है। कृपया कुछ और नहीं पूछें।”

US की घोषणा : 26/11 में शामिल अपराधियों के बारे में सूचना देने वालों को 50 लाख डालर का इनाम

Desk Team