फ्लाइंग सिख कहे जाने वाले देश के महान एथलीट मिल्खा सिंह की हालत पहले से बेहतर है लेकिन वह अब भी ऑक्सीजन पर हैं। मिल्खा के पारिवारिक सूत्रों के अनुसार मिल्खा को कोरोना से संक्रमित होने के बाद तीन जून को पीजीआईएमईआर के आईसीयू में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल की तरफ से दोपहर ढाई बजे जारी बुलेटिन के अनुसार आज किए गए मेडिकल मापदंडों के अनुसार मिल्खा की स्थिति कल के मुकाबले बेहतर है और तीन डाक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर निगरानी रखे हुए है। मिल्खा परिवार ने अपने प्रशंसकों को उनकी प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया है।
पीजीआई के डायरेक्टर डॉ. जगत राम की ओर से एक वीडियो क्लिप जारी कर बताया गया है कि उनकी हालत स्थिर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम के निगरानी में है। लेकिन दूसरी ओर उनकी पत्नी की हालत थोड़ी बिगड़ गई है और उन्हें ऑक्सीजन की ज़रूरत ज्यादा महसूस हो रही है।
प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी ने भी शुक्रवार को मिल्खा सिंह की तबीयत को लेकर जानकारी ली थी। पीएम ने इसके लिए मिल्खा के बेटे जीव मिल्खा सिंह से बात की। मिल्खा सिंह के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उनकी पत्नी की ओर से बताया गया था कि उनके घर किशनगढ़ से काम करने आने वाले नौकर को बीमार होने पर वापस भेज दिया गया था।
उसके बाद मिल्खा सिंह की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई थी जबकि घर के किसी अन्य सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। मिल्खा सिंह को जब 24 मई को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया तो उसके दो दिन बाद उनकी पत्नी को भी संक्रमण कारण सांस लेने में परेशानी होने पर वहां भर्ती करवाया गया था, जहां दोनों स्थिर हो गए थे।


Download Android App
Download iOS App



