प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि कोरोना वायरस गया नहीं है और यह बार-बार सामने आ रहा है। साथ ही, उन्होंने लोगों से कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के खिलाफ सतर्कता बरतना जारी रखने की अपील भी की।
कोविड-19 को बहरूपिया बताते हुए पीएम ने दिया सन्देश
मोदी ने कहा कि किसी को नहीं पता कि ‘बहरूपिया’ कोविड-19 फिर कब सामने आ जाए। उन्होंने कहा कि कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए टीकों की करीब 185 करोड़ खुराक देने का काम लोगों के सहयोग से ही संभव हो पाया।
मोदी ने गुजरात के जूनागढ़ जिले में मां उमिया धाम के एक कार्यक्रम को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए संबोधित करते हुए मां उमिया के भक्तों से धरती मां को रासायनिक उर्वरकों के संकट से बचाने के लिए प्राकृतिक खेती के तरीके अपनाने का आग्रह किया।
पीएम ने आम जनता से की ये अपील
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कोरोना वायरस (वैश्विक महामारी) एक बड़ा संकट था और हम यह नहीं कह रहे कि संकट समाप्त हो गया है। यह कुछ देर के लिए भले ही थम गया है, लेकिन हमें नहीं पता कि यह फिर से कब सामने आ जाएगा। यह एक ‘बहरूपिया’ बीमारी है। इसे रोकने के लिए करीब 185 करोड़ खुराक दी गईं, जिसने दुनिया को अचम्भित कर दिया। यह आपके सहयोग से ही संभव हो पाया।’’
उन्होंने कहा कि धरती मां को बचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, ‘‘गुजरात के हर गांव के किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए आगे आना चाहिए।’’ उन्होंने भारत की स्वतंत्रता के 75वें साल में आयोजित किए जा रहे ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ कार्यक्रम के तहत हर जिले में 75 अमृत सरोवर बनाने में मदद करने की भी लोगों से अपील की।


Download Android App
Download iOS App



