नोटबंदी और जीएसटी के मुद्दे पर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं राहुल : रविशंकर प्रसाद

Summary :

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के फलस्वरूप ही भारत आज दुनिया की सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यव्स्था वाला देश है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर नोटबंदी और जीएसटी के मुद्दे पर लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मंगलवार को कहा कि वास्तव में मोदी सरकार के इन दोनों ही कदमों से देश की अर्थव्यस्था को दीर्घकालिक लाभ हुए हैं।

रविशंकर ने मंगलवार को भाजपा मीडिया सेंटर में संवाददाताओं से कहा, ”कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव में नोटबंदी और जीएसटी का मुद्दा उठा रहे हैं, लेकिन वे लोगों को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। वास्तव में मोदी सरकार के इन दोनों ही कदमों से देश की अर्थव्यवस्था को दीर्घकालीन लाभ हुए हैं।”

demonetisation

उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद देश में 2,24,000 फर्जी कंपनियां पकड़ी गईं। इन कंपनियों के खातों में एक सप्ताह में ही 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा हुई। प्रसाद ने आंकड़ों के आधार पर बताया कि वर्ष 20013-14 में देश में 3.82 करोड़ लोग इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करते थे, जिनकी संख्या नोटबंदी के बाद वर्ष 2017-18 में दोगुनी होकर 6.86 करोड़ हो गई। इसी तरह वर्ष 2013-14 में इनकम टैक्स के रूप में आय 6, 38,000 करोड़ रुपये थी, जो 2017-18 में बढ़कर लगभग 10 लाख करोड़ रुपये हो गई।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के फलस्वरूप ही भारत आज दुनिया की सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यव्स्था वाला देश है और हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है।

नोटबंदी भारत के इतिहास का सबसे बड़ा घोटाला : राहुल गांधी

Desk Team