‘गेहूं के बर्तन में नोट छिपाने’ वाले बयान को लेकर राहुल ने प्रधानमंत्री पर साधा निशाना

Summary :

राहुल ने प्रधानमंत्री के बयान से जुड़ा वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, क्या आपने माल्या, मेहुल, नीरव को गेहूँ उगाते देखा है? मोदीजी किसान का अपमान मत करिए।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ”गेंहू के बर्तन में नोट छिपाने” संबंधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथित बयान को लेकर शनिवार को उन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि मोदी ने किसानों के पास कालाधन होने की बात कहकर अन्नदाताओं का अपमान किया है।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के इस कथित बयान से जुड़ा वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, ”क्या आपने माल्या, ‘मेहुल भाई’, नीरव मोदी को गेहूँ उगाते देखा है? मोदीजी किसान का अपमान मत करिए।” उन्होंने कहा, ”पहले आपने (मोदी) नोटबंदी करके किसान का पैसा बटोरकर सूट-बूट वाले मित्रों को देने का घोटाला किया। अब कह रहे हो कि किसान का वो पैसा काला धन था। किसान का ये अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान।”

जो कहती है उसे करके दिखाती है, कभी झूठा वादा नहीं करती कांग्रेस : राहुल

दरअसल, राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के कथित बयान से जुड़ा जो वीडियो शेयर किया है उसमें वह नोटबंदी का उल्लेख करते और कांग्रेस पर हमला करते हुए प्रतीत हो रहे हैं। इसमें प्रधानमंत्री को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ”(इनके) यार दोस्तों में से कोई बिस्तर के नीचे नोट बिछाकर सोते थे, कोई बोरे में भरकर नोट रखते थे, तो गेंहू के बड़े-बड़े बर्तनों में नोट छिपाकर रखते थे और ऊपर से गेहूं रख देते थे…।” राहुल गांधी के आरोप पर फिलहाल सरकार या भाजपा की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Desk Team