आगामी विधानसभा चुनावों और 2024 के लोक सभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर अनुसूचित जाति अर्थात दलित मतदाताओं को साधने के तौर-तरीकों पर विचार करने के लिए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को अनुसूचित जाति के नेताओं और सांसदों के साथ एक बड़ी बैठक करने जा रहे हैं। मंगलवार को जेपी नड्डा पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों और इस समुदाय से आने वाले पार्टी के सभी सांसदों के साथ बैठक कर हर राज्य में अनुसूचित जाति के लोगों तक सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने , उन्हें अपने साथ जोड़े रखने या साधने के तौर तरीकों पर चर्चा कर इसकी रूपरेखा तय करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
अनुसूचित जाति के मतदाता महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं
आपको बता दें कि इस वर्ष के अंत में हिमाचल प्रदेश और गुजरात में विधानसभा चुनाव होने है वहीं अगले वर्ष 2023 में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, कर्नाटक और तेलंगाना सहित सात राज्यों में विधानसभा चुनाव होने है। इन सभी राज्यों में चुनावी जीत-हार तय करने में में अनुसूचित जाति के मतदाता महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस लिहाज से मंगलवार की बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कार्यकतार्ओं की टीम को भी मैदान में उतारेगा
बताया जा रहा है कि नड्डा और बीएल संतोष , बैठक में आए सांसदों और पदाधिकारियों से इसे लेकर उनकी राय जानने का भी प्रयास करेंगे। बैठक में आये सभी सुझावों को समाहित कर भाजपा आगे की रणनीति तैयार करेगी। हालांकि यह भी बताया जा रहा है कि पार्टी का मुख्य फोकस उन बूथों पर ज्यादा होगा जहां अनुसूचित जाति के मतदाताओं की संख्या 100 से ज्यादा होगी। ऐसे बूथों के लिये पार्टी का अनुसूचित जाति मोर्चा बूथ अनुसार खास रणनीति बनाएगा और इसी अनुसार अपने कार्यकतार्ओं की टीम को भी मैदान में उतारेगा।


Download Android App
Download iOS App



