देश में कोरोना वायरस का कहर बरकरार है। वहीं महामारी को मात देने के लिए टीकाकरण अभियान भी लगातार जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास 3.06 करोड़ से अधिक कोविड-19 रोधी टीके उपलब्ध हैं । वहीं उन्हें अगले तीन दिनों में 24.53 लाख से अधिक टीके मिलेंगे। मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 38,10,554 टीके लगाए गए हैं और इसके साथ ही देश में अभी तक कोरोना वायरस के कुल 27,66,93,572 टीके लगाये जा चुके हैं।
मंत्रालय ने बताया कि रविवार से सुबह आठ बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों को भारत सरकार ने अभी तक 29,10,54,050 से अधिक टीके निशुल्क उपलब्ध कराए हैं। इसमें से बर्बाद हो चुके टीकों समेत कुल 26,04,19,412 टीकों की खपत हुई है। उसने बताया कि राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी कोविड-19 रोधी 3,06,34,638 टीके उपलब्ध हैं। मंत्रालय ने कहा, ‘‘24,53,080 और टीके भेजने की तैयारी है और अगले तीन दिनों में उन्हें ये मिल जाएंगे।’’
उसने बताया कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तौर पर भारत सरकार राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड टीके निशुल्क उपलब्ध कराकर उनका सहयोग कर रही है। इसके साथ ही केंद्र राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों को सीधे टीके खरीदने की सुविधा भी दे रहा है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘जांच, निगरानी और कोविड अनुकूल व्यवहार के साथ ही टीकाकरण इस महामारी के प्रबंधन और इसे रोकने के लिए सरकार की व्यापक रणनीति का अहम स्तंभ है।’’


Download Android App
Download iOS App



