बॉलीवुड स्टार सलमान खान की धमाल मचाने वाली फिल्म ‘टाइगर जिंदा है’ की तर्ज पर मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की जनता से कहा है कि ‘टाइगर (शिवराज सिंह चौहान) अभी जिंदा है’, इसलिए उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है।
मध्यप्रदेश में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का इतिहास रचने वाले चौहान ने सत्तारूढ़ कांग्रेस को स्पष्ट संकेत दे दिये हैं कि सत्ता गंवाने के बाद भी वह राज्य की राजनीति में सबसे बड़े नेता हैं। उनके सामने कमलनाथ एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे कांग्रेसी नेता टिक नहीं सकते।
उन्होंने यह भी संकेत दिये की कि बसपा, सपा एवं निर्दलीय विधायकों के समर्थन पर टिकी कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेसनीत सरकार कभी भी गिर सकती है और भाजपा सत्ता में वापस आ सकती है।
KCR अगले सप्ताह पटनायक, ममता, मायावती, अखिलेश से करेंगे मुलाकात
मुख्यमंत्री निवास को खाली करने से पहले बुधवार शाम को अपनी परंपरागत बुधनी विधानसभा क्षेत्र से आये कई समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के समारोह को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा, ‘‘कोई यह चिंता मत करना कि हमारा क्या होगा। मैं हूं ना … शिवराज सिंह चौहान। टाइगर अभी जिंदा है। आंख उठा कर कोई नहीं देख पायेगा।’’
यह कह कर उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि सत्ता जाने के बाद भी वह उनके लिए निरंतर काम करते रहेंगे। एक महिला कार्यकर्ता ने चौहान से कहा कि भैया 5 साल बाद आपके दुबारा मुख्यमंत्री बनने पर फिर इसी मुख्यमंत्री निवास में मिलेंगे।
इस पर चौहान बोले, ‘‘हो सकता है पूरे 5 साल भी न लगे।’’ कांग्रेस बहुमत के 116 के जादुई आंकड़े से 2 सीट पीछे 114 सीटों पर रह गई थी। भाजपा को 109 सीटें मिली थीं।
इस बयान पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि उनका आशय था कि भाजपा का हर कार्यकर्ता जनता के सुख-दुख के लिए लड़ाई लड़ता रहा है और आने वाले समय में भी हम जनता की लड़ाई लड़ते रहेंगे।
सिंह ने कहा कि सीटों के गणित में भले ही कांग्रेस आगे हो, लेकिन जनता ने कांग्रेस को बहुमत नहीं दिया है। कांग्रेस सरकार एक कमजोर सरकार है। कांग्रेस कितने दिन सरकार चला पाती है, यह देखना होगा।
विधानसभा चुनाव के विभिन्न मीडया सर्वें में चौहान को प्रदेश का सबसे लोकप्रिय नेता बताया गया था। दूसरे नंबर पर ज्योतिरादित्य सिंधिया थे, जबकि तीसरे नंबर पर कमलनाथ थे। चौहान ने अपनी परंपरागत बुधनी सीट पर जीत दर्ज की थी, लेकिन पार्टी की हार के चलते उन्हें सत्ता गंवानी पड़ी।
चौहान ने बृहस्पतिवार को कमलनाथ सरकार द्वारा किसानों की गई कर्ज माफी पर ट्विटर तंज कसा था, ‘‘31 मार्च 2018 तक का टाइम बैरियर लगा कर, छन्नी लगा कर आधी-अधूरी कर्ज माफी की घोषणा मेरे प्रदेश के किसान भाइयों-बहनों के साथ घोर अन्याय है। कांग्रेस को ऐसे छलावे से दूर रहना चाहिए। लेकिन, ये वो ठीक से जान ले कि मैं सोया नहीं हूँ, मैं जाग रहा हूँ और मेरी पैनी नज़रें उन पर ही हैं।’’
चौहान के कद को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस सरकार ने उन्हें यहां बहुत बड़ा सरकारी निवास आवंटित किया है। संभवत: वह भाजपा विधायक दल के नेता चुने जा सकते हैं और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की नये अवतार में आ सकते हैं। 7 जनवरी से होने वाले विधानसभा सत्र में वह सरकार को कर्ज माफी सहित विभिन्न मुद्दों पर घेर सकते हैं।
इसी बीच, चौहान ने शुक्रवार को ट्वीट किया, ‘‘आज से मैं अपने नए आवास बी-8 74 बंगले पर आप सभी से मिलूंगा। घर पहले से छोटा है, पर दिल हमेशा की तरह बड़ा है। बेझिझक आते रहें और मिलते रहें, मेरे घर के दरवाजे आप के लिए हमेशा खुले हैं। ये जीवन आप लोगों के लिए ही समर्पित है।’’