मोदी सरकार इतने कम राफेल विमान क्यों खरीद रही है : पी चिदंबरम

Summary :

पी चिदंबरम ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने 126 राफेल विमान खरीदने का फैसला किया था और एक करार किया गया था।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने सोमवार को सवाल किया कि बीजेपी नीत राजग सरकार के दावे के मुताबिक यदि राफेल लड़ाकू विमान की कीमत वाकई में कम है, तो केवल कुछ ही विमान क्यों खरीदे जा रहे हैं। पार्टी की बैठक से इतर यहां संवाददाताओं से बात करते हुए पी चिदंबरम ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने 126 राफेल विमान खरीदने का फैसला किया था और एक करार किया गया था। लेकिन, मौजूदा सरकार ने इसे रद्द कर दिया और एक नया सौदा किया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने कहा, ‘‘वे लोग दावा करते हैं कि लड़ाकू विमान सस्ते हैं…इस मामले में उन्हें बताना चाहिए किस तरह वे (विमान) सस्ते हैं…वे लोग खुलासा नहीं कर रहे हैं…अगर विमान की कीमत कम है तो सरकार और अधिक विमान क्यों नहीं खरीद रही ? सरकार केवल 36 विमान ही क्यों खरीद रही है।’’ केंद्रीय मंत्री अरूण जेटली ने इससे पहले कहा था कि सरकार पूरी तरह हथियारों से लैस जिन लड़ाकू विमानों को खरीद रही है उसकी कीमत पिछली संप्रग सरकार के तहत प्रस्तावित कीमत से 20 प्रतिशत कम है।

Desk Team