अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी कोरोना पॉजिटिव, देर रात अस्पताल में कराए गए भर्ती

Summary :

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी महाराज के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी महाराज कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। 70 वर्षीय महंत की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हरिद्वार के मुख्य चिकित्साधिकारी शंभुनाथ झा ने बताया कि महंत नरेंद्र गिरी की जांच रिपोर्ट में उनके महामारी से पीड़ित होने की पुष्टि हुई है।
शुक्रवार देर रात तबीयत खराब होने के बाद महंत नरेंद्र गिरी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। झा ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए हरिद्वार कुंभ मेला क्षेत्र और सीमाओं के साथ ही सभी अखाड़ों में भी आरटी-पीसीआर और रैपिड एंटीजन जांच की जा रही है। 
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि महाकुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और संतों को सतर्कता बरतने और कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा जा रहा है। 

Desk Team