विश्व प्रसिद्ध योग गुरु बाबा रामदेव को अक्सर आपने अलग-अलग जगहों पर योग करते हुए देखा होगा। लेकिन एक हथिनी पर बैठकर योगासन करना बाबा को भारी पड़ गया। हथिनी पर आसान करते हुए योग गुरु रामदेव का संतुलन ऐसा बिगड़ा की वह धड़ाम नीचे आ गिरे। बाबा को हथिनी के पैरों के नीचे देख आस-पास के लोगों की चीखें निकल गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी धड़ल्ले से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश में मथुरा के एक आश्रम में बाबा रामदेव हथिनी पर बैठकर संत-महात्माओं को योगासन सीखा रहे थे। हथिनी के हिलने पर उनका संतुलन बिगड़ा और एकदम से नीचे आ गिरे। हालांकि, गनीमत रही कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं पहुंची, जिसके चलते वह तुरंत ही फुर्ती से खड़े हो गए और आसानी से चलते हुए कैमरे की जद से बाहर निकल गए। हालांकि घटनास्थल पर मौजूद लोगों की इस दौरान चीखें निकल गईं। इस घटना का करीब 25 सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
बाबा रामदेव के प्रवक्ता एसके तिजारावाला के मुताबिक, ‘यह सोमवार की घटना है। लेकिन इससे बाबा रामदेव को कोई चोट नहीं आई है। वे पूर्ण रूप से स्वस्थ है और मंगलवार को दिल्ली में थे।’ बताया जा रहा है कि बाबा रामदेव हथिनी पर बैठकर भ्रामरी प्रणायाम कर रहे थे, इस प्रणायाम से आने वाली आवाज़ से हथिनी ने हिलना शुरू कर दिया था। जिस कारण रामदेव का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे आ गिरे।


Download Android App
Download iOS App



