कांग्रेस महासचिव एवं पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा ने पिछले 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर से हुए हादसे में मारे गए नवरीत सिंह के परिजन से बृहस्पतिवार को रामपुर में मुलाकात की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया कि प्रियंका रामपुर स्थित सिंह के पैतृक गांव डिब डिबाआ पहुंचकर उसकी अंतिम अरदास की रस्म में शरीक हुईं। उन्होंने बताया कि प्रियंका ने नवरीत के परिजन से मुलाकात करके उनके प्रति सहानुभूति प्रकट की।
काले कानूनों के खिलाफ लड़ते हुए शहीद हुए किसान नवरीत सिंह की अंतिम अरदास में शामिल होकर कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।#कांग्रेस_सदैव_किसानों_के_साथ pic.twitter.com/1r3OXcFa7J
— Congress (@INCIndia) February 4, 2021
गौरतलब है कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के दौरान हुए हादसे में नवरीत सिंह की मौत हो गई थी। रामपुर पहुंचते वक्त रास्ते में हापुड़ जिले में प्रियंका के काफिले में शामिल तीन वाहन दुर्घटनावश एक-दूसरे से टकरा गये थे।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया संयोजक ललन कुमार ने बताया कि गजरौला के पास हुए इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि घटना में कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हुए, मगर थोड़ी ही देर के बाद प्रियंका अपनी मंजिल की तरफ रवाना हो गईं।


Download Android App
Download iOS App



