Ghaziabad-Saharanpur Rail Route: यात्रियों को तेज और सुरक्षित सफर उपलब्ध कराने के लिए उत्तर रेलवे ने गाजियाबाद-मेरठ-सहारनपुर रेलखंड पर बड़ा तकनीकी उन्नयन किया है। इस रूट पर ट्रेनों की सेक्शनल स्पीड को 130 किलोमीटर प्रति घंटा तक बढ़ाने की दिशा में मेरठ कैंट और पाबली खास स्टेशनों पर डबल डिस्टेंट सिग्नलिंग प्रणाली को सफलतापूर्वक लागू कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, 15 अप्रैल को इस अपग्रेड का सफल परीक्षण किया गया, जब ट्रेन संख्या 12903 ने शाम 5:36 बजे अप दिशा में इस सेक्शन को सुरक्षित रूप से पार किया। इसके साथ ही नई सिग्नलिंग और इंटरलॉकिंग प्रणाली का संचालन शुरू हो गया है।
सुरक्षा तंत्र में सुधार और आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली
इस परियोजना के तहत सुरक्षा और तकनीकी स्तर पर कई अहम बदलाव किए गए हैं। लेवल क्रॉसिंग पर आधुनिक इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग बैरियर, रिमोट टर्मिनल यूनिट और इंटीग्रेटेड पावर सप्लाई सिस्टम लगाए गए हैं। साथ ही मेरठ कैंट और पाबली खास स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग और विजुअल डिस्प्ले यूनिट सिस्टम में भी संशोधन किया गया है।
उच्च गति पर सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए कुल 90 रूटों का परीक्षण किया गया, जिसमें मेरठ कैंट पर 57 और पाबली खास पर 33 रूट शामिल हैं। इसके अलावा अप और डाउन दिशा में नए डिस्टेंट सिग्नल भी लगाए गए हैं, जिससे लोको पायलट को पहले से संकेत मिल सके और अचानक ब्रेक लगाने की जरूरत कम हो।


Download Android App
Download iOS App




