Kannauj Girl Poisoning Case: किडनैपिंग के बाद 19 वर्षीय छात्रा की चूहा मार दवा देकर हत्या; प्रेमी समेत 3 आरोपियों पर केस दर्ज

Summary :

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में एक 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने उसे किडनैप कर एटा ले जाकर चूहे मारने की दवा खिलाई और फिर छिबरामऊ के पास अधमरी हालत में छोड़ दिया। गंभीर हालत में उसे तिर्वा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

Kannauj Girl Poisoning Case: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में 19 साल की छात्रा की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। खबर है कि कुछ लोग उसको किडनैप करके एटा ले गए, वहां उसे चूहे मारने की दवा खिलाई और फिर छिबरामऊ के पास सड़क किनारे अधमरी हालत में छोड़ दिया। उसे गंभीर हालत में तिर्वा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

घर से मार्कशीट लेने निकली थी नाबालिग (Kannauj Girl Kidnap Case)

मिली जानकारी के अनुसार, लड़की 18 सितंबर को अपने घर से कॉलेज की मार्कशीट लेने निकली थी। जब वह देर शाम तक वापस नहीं आई, तो घरवाले उसे ढूंढने लगे। वे कुसुमखोर पुलिस चौकी और सदर कोतवाली भी गए, लेकिन परिवार का आरोप है कि पुलिस ने तुरंत कोई कार्रवाई नहीं की और उन्हें कई दिनों तक टालती रही। इसके बाद 20 सितंबर की दोपहर को लड़की छिबरामऊ के पास सड़क किनारे बहुत गंभील हालत में मिली। घरवाले उसे तुरंत इलाज के लिए तिर्वा के मेडिकल कॉलेज ले गए।

लड़की ने प्रेमी, बहनोई और भांजे पर लगाया आरोप

इलाज के दौरान लड़की ने एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। उसने अपने प्रेमी, प्रेमी के बहनोई और भांजे के नाम बताए। घरवालों का कहना है कि इन्हीं लोगों ने लड़की को किडनैप किया और चूहेमार दवा देकर सड़क पर फेंक दिया। छात्रा के पिता की शिकायत पर गांव के सुआलाल (प्रेमी), गुरसहायगंज के मोनू (बहनोई) और उसके बेटे हर्षित (भांजे) के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उनके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या और SC/ST एक्ट की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है।

इलाज के दौरान तोड़ दिया दम

सोमवार दोपहर करीब 12 बजे लड़की की मौत हो गई। इस घटना के बाद से परिवार में मातम छाया हुआ है और रो-रोकर सबका बुरा हाल है। घरवाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।