सावन के पहले सोमवार पर गाजियाबाद में भारी जाम! कांवड़ यात्रा के चलते मेरठ रोड से जीटी रोड तक ड्राइवर परेशान

Summary :

Kanwar Yatra Traffic Jam Ghaziabad: सावन के पहले सोमवार पर गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा और दूधेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते मेरठ रोड, जीटी रोड और राजनगर एक्सटेंशन समेत कई मार्गों पर लंबा जाम लगा। पुलिस ने कई कट बंद किए और डायवर्जन लागू किया। बुधवार से हल्की गाड़ियों के लिए भी नया ट्रैफिक प्लान लागू होगा।

Kanwar Yatra Traffic Jam Ghaziabad: आज सावन का पहला सोमवार है। इस दौरान  गाजियाबाद में  भगवान शिव के दर्शन के लिए दूधेश्वरनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। वहीं कांवड़ यात्रा की वजह से  भी शहर की सड़कों पर कांवड़ियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए पुलिस ने कई जगह ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया और कई कट बंद कर दिए। इसका असर शहर के मेन मार्गों पर साफ दिखाई दिया। सुबह से ही मेरठ रोड, जीटी रोड, राजनगर एक्सटेंशन और आसपास के इलाकों में लंबा जाम लग गया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार सुबह रोज की तरह काम पर निकलने वाले लोगों को भारी ट्रैफिक का सामना करना पड़ा। कई जगह गाड़ियों  की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को अपने एक जगह से दूसरी जगह  पहुंचने में काफी देर हुई। टू  व्हीलर और फोर व्हीलर ड्राइवरों  को धीरे-धीरे आगे बढ़ना पड़ा। कई लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे।

मेरठ टी जंक्शन पर सबसे ज्यादा ट्रैफिक

सुबह के समय मेरठ टी जंक्शन  सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कांवड़ियों की सुविधा को देखते हुए मेरठ रोड के अधिकतर कट बंद कर दिए हैं। इससे गाड़ी  चालकों को दूसरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिसके कारण ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया। मेरठ से दिल्ली जाने वाले मार्ग पर कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ने से सड़क का बड़ा हिस्सा उनके लिए सुरक्षित रखा गया है।

DCP ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन के अनुसार, कांवड़ यात्रा को देखते हुए ट्रैफिक सिस्टम  को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुधवार से हल्की गाड़ियों  के लिए भी डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। लोगों से अपील की गई है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें और ऑप्शनल रास्तों का इस्तेमाल करें ।

मुरादनगर और मोदीनगर में भी जाम

बता दें, कि कांवड़ यात्रा का असर सिर्फ गाजियाबाद शहर नहीं देखने को मिला। दरअसल  मुरादनगर और मोदीनगर में भी ट्रैफिक सिस्टम बुरी तरह  प्रभावित रहा । मोदीनगर में सोमवार सुबह से मेरठ रोड को केवल कांवड़ियों के लिए आरक्षित कर दिया गया। नॉर्मल  गाड़ियों को दिल्ली रोड से निकाला जा रहा है। लेकिन एक ही सड़क पर दोनों डायरेक्शन से गाड़ियों  के आने-जाने की वजह से  कई स्थानों पर जाम लग गया। खासकर राज चौपला क्षेत्र में हालात ज्यादा खराब रहे, जहां गाड़ियों की लंबी लाइनें लगी रहीं।

ट्रैफिक  पुलिस लगातार मौके पर मौजूद रहकर ट्रैफिक को नॉर्मल  करने की कोशिश करती रही। वहीं, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। अगर जरूरी काम से बाहर निकलना हो तो पहले ट्रैफिक रूट की जानकारी जरूर लें। इससे समय की बचत होगी और जाम की समस्या से भी राहत मिल सकेगी।

यह भी पढ़ें: बागपत में नवाब अहमद हमीद की हवेली पर प्रदीप नरवाल की प्रेस वार्ता, 5 अगस्त को हिसावदा में होगा किसान सम्मान दिवस

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।