प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर लखनऊ में उनकी कास्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती पर तीन दिवसीय समारोह भी आयोजित होगा। प्रधानमंत्री मोदी समारोह के अंतिम दिन राजधानी पहुंचेंगे और लोकभवन में अटल की प्रतिमा के अनावरण के साथ अटल बिहारी चिकित्सा विश्वविद्यालय का भी शिलान्यास करेंगे।
संस्कृति विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. वाई.पी. सिंह ने बताया, “प्रधानमंत्री मोदी 25 दिसंबर को दोपहर करीब तीन बजे विशेष विमान से लखनऊ पहुंचेंगे और वहां से सीधे लोकभवन जाएंगे, जहां वह अटल बिहारी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। प्रधानमंत्री का 25 मिनट का संबोधन भी होगा। इस दौरान राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री शाम लगभग चार बजे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।”
उन्होंने बताया कि 23 दिसंबर को संस्कृति विभाग की ओर से अटल की 51 कविताओं का पाठ होगा और अगले दिन 24 दिसंबर को ‘राष्ट्रधर्म व राष्ट्रवाद और अटल बिहारी वाजपेयी’ पर एक संगोष्ठी होगी। गोष्ठी में आरएसएस के विचारक राकेश सिन्हा व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित करेंगे। समारोह के अंतिम दिन 25 दिसंबर को राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



