‘जनसंख्या विस्फोट किसी मज़हब का नहीं, इसे जाति-धर्म से जोड़ना जायज़ नहीं’, नकवी का Tweet

Summary :

विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के प्रभावी प्रयास करते समय हमें इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि जनसांख्यिकी असंतुलन पैदा न होने पाए।

विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के प्रभावी प्रयास करते समय हमें इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि जनसांख्यिकी असंतुलन पैदा न होने पाए। उनके इस बयान के बाद बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि जनसंख्या विस्फोट को धर्म से जोड़ना जायज नहीं है।
मुख्तार अब्बास नकवी ने ट्वीट कर कहा, बेतहाशा जनसंख्या विस्फोट किसी मजहब की नहीं, मुल्क की मुसीबत है। इसे जाति और घर्म से जोड़ना जायज नहीं। गौरतलब है कि नकवी का ये बयान ऐसे वक्त पर आया जब उन्होंने हाल ही में केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा दिया है।


दरअसल, लखनऊ में विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर ‘जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा’ की शुरुआत करते हुए योगी ने कहा, “जब हम परिवार नियोजन/जनसंख्या स्थिरीकरण की बात करते हैं तो हमें ध्यान में रखना होगा कि जनसंख्या नियंत्रण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आगे बढ़े, लेकिन जनसांख्यिकी असंतुलन की स्थिति भी न पैदा होने पाए।”

उन्होंने कहा, “हम सभी जानते हैं कि बीते पांच वर्षों से देशभर में जनसंख्या स्थिरीकरण को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। एक निश्चित पैमाने पर जनसंख्या समाज की उपलब्धि भी है, लेकिन यह उपलब्धि तभी है, जब समाज स्वस्थ व आरोग्यता की स्थिति को प्राप्त कर सके।”

Desk Team