मुख्तार अंसारी की पत्‍नी ने राष्‍ट्रपति को पत्र लिख कर सुरक्षा की गुहार लगाई, योगी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Summary :

गैंगस्‍टर से विधायक बने मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशा अंसारी ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को पत्र लिखकर अपने पति और परिजनों की सुरक्षा की गुहार लगाई है ।

बलिया : गैंगस्‍टर से विधायक बने मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशा अंसारी ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को पत्र लिखकर अपने पति और परिजनों की सुरक्षा की गुहार लगाई है । गाजीपुर से बहुजन समाज पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने सोमवार को मऊ के बसपा विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशा अंसारी द्वारा राष्ट्रपति को लिखा गया पत्र मीडिया को जारी किया। 
अफशा अंसारी द्वारा राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को लिखे गए पत्र में परिवार की पृष्ठभूमि का हवाला देते हुए कहा गया है कि उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर मुख्‍तार अंसारी , ब्रिगेडियर मोहम्मद उस्मान व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शौकतुल्लाह उनके ही परिवार के हैं। पत्र में अफशा ने कथित तौर पर राजनीतिक दुराग्रह की भावना से सत्ता का दुरुपयोग कर हो रही अन्याय पूर्ण कार्रवाई का उल्लेख किया है। 
उन्होंने पत्र में आशंका जताई है कि भाजपा सरकार के इशारे पर विधायक मुख्तार अंसारी व उनके दोनों बेटों अब्बास व उमर सहित अन्य परिजनों के साथ कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है। उन्‍होंने अपने पति की सभी मुकदमों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंस से कराये जाने के लिए राष्‍ट्रपति से आवश्‍यक मार्गदर्शन जारी करने का अनुरोध किया है। मुख्‍तार अंसारी आपराधिक मामले में पंजाब की एक जेल में बंद हैं। 

Ujjwal Jain