82 साल की उम्र में मुलायम सिंह का निधन, PM मोदी समेत कई नेताओ ने जताया दुख, UP में तीन दिन का राजकीय शोक

Summary :

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश की सियासत के दिग्गज नेता मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। 82 वर्षीय नेता ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सोमवार सुबह अंतिम सांस ली।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश की सियासत के दिग्गज नेता मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। 82 वर्षीय नेता ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सोमवार सुबह अंतिम सांस ली। नेता जी यूरिन संक्रमण, ब्लड प्रेशर की समस्या और सांस लेने में तकलीफ के चलते पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। 
मुलायम सिंह यादव के अस्पताल में भर्ती होने के दिन से ही उनसे मिलने वालों का तांता लगा हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने फोन पर लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजरें बनाए रखी थी। रविवार को नेताजी का हाल जानने के लिए रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया मेदांता अस्पताल पहुंचे थे। 
मुलायम सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताते हुए कहा की ‘‘जब हम अपने-अपने राज्यों (गुजरात और उत्तर प्रदेश) के मुख्यमंत्री थे, तो मुझे उनसे कई बार बातचीत करने का अवसर मिला। निकटता हमेशा बनी रहती थी और मैं उनके विचार सुनने के लिए हमेशा उत्सुक रहता था। उनके निधन से दुखी हूं। परिवार और उनके लाखों समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। शांति।”

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकश नड्डा ने भी ट्वीट करते हुए कहा की, मुलायम सिंह यादव जी का राजनीतिक कौशल अद्भुत था। दशकों तक उन्होंने भारतीय राजनीति का एक स्तंभ बनकर समाज व राष्ट्र की सेवा की। जमीन से जुड़े परिवर्तनकारी,सामाजिक सद्भाव के नेता,आपातकाल में लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्षधर के रूप में वे सदैव याद किए जाएंगे। उनका जाना अपूरणीय क्षति है। 

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक की इस घड़ी में मुलायम सिंह के पुत्र श्री अखिलेश यादव जी से दूरभाष पर वार्ता कर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और श्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। 

मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। उनके पिता सुघर सिंह यादव एक किसान थे। उत्तर प्रदेश की राजनीति हो देश की राजनीति, मुलायम सिंह यादव को प्रमुख नेताओं में गिना जाता हैं। वे तीन बार उत्तर प्रदेश के सीएम रहे और वो केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री भी रह चुके हैं। इसके अलावा मुलायम सिंह 8 बार विधायक और 7 बार लोकसभा सांसद भी चुने जा चुके हैं। 

Desk Team