तीन दिन की उत्तर प्रदेश यात्रा के लिए आज जाएंगे पीएम, कई योजनाओं सहित ‘अटल एकता पार्क’ का करेंगे लोकापर्ण

Summary :

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी तीन दिन की यात्रा के लिए आज उत्तर प्रदेश जाएंगे। पीएम बुंदेलखंड को कई परियोजनाओं की सौगात देंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी तीन दिन की यात्रा के लिए आज उत्तर प्रदेश जाएंगे। पीएम बुंदेलखंड को कई परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रदेश के बुंदलेखंड जिला प्राकृतिक संसाधनो से भरपूर होने के बावजूद दशकों से सूखे की विकराल समस्या का सामना करने को विवश है। पीएम प्रदेश को जल परियोजनाओं और रक्षा क्षेत्र में अग्रणी बनाने वाली 6600 करोड़ रूपये की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसके बाद वह झांसी और महोबा आयेंगे। करीब साढ़ चार घंटे के प्रवास के दौरान मोदी महोबा में 3,264 करोड़ रूपये से अधिक लागत की नौ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जबकि प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की नायिका वीरंगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर वह झांसी में ‘राष्ट्र रक्षा समर्पण पर्व-झांसी जलसा’ कार्यक्रम के अवसर पर 3424 करोड़ रूपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
महोबा में राजकीय इण्टर कॉलेज का करेंगे लोकार्पण 
प्रधानमंत्री दोपहर दो बजे के करीब महोबा पहुंचेंगे जहां वह पुलिस लाइन के निकट पब्लिक मीटिंग ग्राउंड पर 2:45 बजे महोबा,बांदा और ललितपुर में 3240 करोड़ रूपये की अर्जुन सहायक परियोजना, भावनी बांध परियोजना, रतौली बांध परियोजना और मसगांव-चिल्ली स्प्रिंकलर परियोजना का लोकार्पण करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल आंनदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री महोबा में मार्ग सुदृढ़करण, विकासखण्ड कबरई में पेयजल परियोजना, कीरत सागर एवं मदन सागर में पर्यटन विकास की परियोजना तथा विकासखण्ड जैतपुर में राजकीय इण्टर कॉलेज का लोकार्पण करेंगे। इन सिंचाई परियोजनाओं से महोबा, बांदा, हमीरपुर एवं ललितपुर में सिंचाई की बेहतर सुविधाएं सुलभ होंगी। इससे यहां के फसल चक्र में आमूल-चूल परिवर्तन आएगा। 
झांसी में चल रहे है कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा 
प्रधानमंत्री झांसी में ‘समर्पण पर्व-झांसी जलसा’ कार्यक्रम के अवसर पर 3424 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सम्मिलित होंगे। मोदी भारत डायनमिक्स लिमिटेड की रक्षा उपकरण इकाई तथा 600 मेगावॉट की अल्ट्रामेगा सोलर पावर पार्क परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं की लागत क्रमश: 400 करोड़ रुपये तथा 3013 करोड़ रुपये है। भारत डायनमिक्स लिमिटेड की रक्षा उपकरण इकाई की स्थापना उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर के झांसी नोड के पहले प्रोजेक्ट के रूप में की जाएगी।
अटल एकता पार्क का भी करेंगे लोकार्पण 
पीएम मोदी झांसी में ‘अटल एकता पार्क’ का लोकार्पण भी करेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को समर्पित यह परियोजना प्रदर्शनी मैदान पर लगभग 40 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में स्थापित की गयी है। अटल एकता पार्क के मध्य में अटल की भव्य प्रतिमा स्थापित की गयी है। पार्क में लाइब्रेरी, जॉगिंग ट्रैक, किड्स जोन, योग स्थल, ओपेन थिएटर, कैफेटेरिया एवं ओपेन जिम की भी व्यवस्था है। प्रधानमंत्री 20 और 21 तारीख को लखनऊ स्थित यूपी पुलिस मुख्यालय सिग्नेचर बिलि्डंग में 19 से 21 नवंबर तक चलने वाली डीजीपी कांफ्रेंस में भी शिरकत करेंगे। वह आज लखनऊ आयेंगे और राजभवन में रात्रि प्रवास करेंगे।

Desk Team