उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के एक गांव में छह साल की बच्ची के साथ बलात्कार किये जाने की घटना सामने आई है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। थरियांव थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) विनोद कुमार ने मंगलवार को बताया कि यह घटना रविवार दोपहर उस समय हुई, जब छह साल की बच्ची के माता-पिता जरूरी काम से फतेहपुर शहर गए थे और बच्ची घर में अकेली थी।
तभी पड़ोस में रहने वाले युवक जसवंत लोधी ने बच्ची को पैसा देकर दुकान से गुटखा मंगवाया। फिर वह बच्ची को टॉफी देने का लालच देकर अपने घर ले गया और उसके साथ बलात्कार किया। उन्होंने बताया कि शाम को जब बच्ची के परिजन घर लौटे और बच्ची की हालत देखी, तब घटना का खुलासा हुआ।
उन्होंने कहा कि पहले तो ग्रामीण समझौते के लिए पंचायत करते रहे, किंतु बात न बनने पर परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर जसवंत के खिलाफ बलात्कार की धारा-376 आईपीसी और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया है। आज (मंगलवार को) उसे सक्षम अदालत में पेश में किया जाएगा। बच्ची को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



