UP : अचानक अमेठी पहुंची स्‍मृति ईरानी, कोरोना प्रभावित परिवारों से की मुलाकात

Summary :

स्मृति ईरानी जगदीशपुर के मोहोना पश्चिम गांव गईं जहां राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विजय कुमार शुक्ला की गत दिनों कोरोना से मौत हो गई।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आज अचानक अपने संसदीय क्षेत्र में कोरोना महामारी से निपटने के लिए की गई व्यवस्था का जायजा लेने व प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने के लिए अमेठी पहुंच गईं। बगैर किसी सूचना और प्रोटोकॉल के ईरानी अचानक जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के पूरे रघ्घू शुकुल गांव पहुंचीं जहां पर कोरोना से अलग-अलग परिवारों के चार लोगों की मौत हो गई है। 
मृतक के परिजनों से मिलकर केंद्रीय मंत्री ईरानी ने शोक संवेदना व्यक्त की और मदद का भरोसा दिया। स्मृति ईरानी जगदीशपुर के मोहोना पश्चिम गांव गईं जहां राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विजय कुमार शुक्ला की गत दिनों कोरोना से मौत हो गई। स्मृति ने शोक संवेदना व्यक्त करने के साथ ही परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
केंद्रीय मंत्री ने जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और ट्रामा सेंटर का भी निरीक्षण किया और चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया। ईरानी ने अधिकारियों से मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि मरीजों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। 
स्मृति ईरानी के साथ अमेठी के जिलाधिकारी अरुण कुमार, पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह व मुख्‍य चिकित्‍सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आशुतोष दुबे भी मौजूद थे। सीएमओ ने विस्तार से उन्हें चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी। ईरानी ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि यहां पर अल्ट्रासाउंड सहित अन्य चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ाया जाय।

Desk Team